March 6, 2026

सिटी कोतवाली से 50 मीटर दूर गन्ना रस की दुकान में आग, तीन ठेले जलकर राख…

IMG-20260301-WA0014

जांजगीर। सिटी कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर अज्ञात तत्वों द्वारा देर रात आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना करीब रात 3:00 बजे की बताई जा रही है। आग लगने से तीन ठेले पूरी तरह जलकर राख हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले गन्ना रस के ठेले में लगी, जिसके बाद पास में खड़े अन्य दो ठेलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने वाले ठेलों में एक साइकिल मरम्मत की दुकान, दूसरा गन्ना रस एवं नारियल पानी का ठेला और तीसरा चना-मुर्रा बेचने का ठेला शामिल है।

स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देख तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों ठेले पूरी तरह जल चुके थे। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना स्थल सिटी कोतवाली से बेहद नजदीक होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं।

You may have missed