March 5, 2026

धमतरी में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच होली निर्विघ्न संपन्न- लगातार पेट्रोलिंग, फिक्स पिकेट, ड्रोन निगरानी व फ्लैग मार्च का असर, होली के दौरान कंट्रोल रूम से एसपी धमतरी की सतत मॉनिटरिंग…

IMG-20260305-WA0040
  • होली पूर्व असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्यवाही – गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों व चाकूबाजों पर प्रतिबंधक कार्यवाही से बड़ा असर*

होली पर्व के अवसर पर धमतरी जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में व्यापक एवं चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पर्व के मद्देनजर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी, जिसके तहत लगातार पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट की स्थापना तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

त्योहार के दौरान पुलिस अधिकारी एवं जवान पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे पूरे जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और होली का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

 

इसके अतिरिक्त शहर में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर के चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी गई, जिससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख स्थानों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती रही और पुलिस द्वारा स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार जिले की स्थिति की जानकारी ली जाती रही तथा सभी थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे, जिससे पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी रही।

 

उल्लेखनीय है कि होली पर्व के पूर्व धमतरी पुलिस द्वारा जिले के लगभग 35 गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं उभरते बदमाशों की परेड कराई गई तथा उन्हें अच्छे आचरण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त लगभग 60 से अधिक गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध प्रतिबंधक कार्यवाही भी की गई। साथ ही जिले के सभी अनुभागों में फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसका उद्देश्य गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं चाकूबाजों के मन में कानून का भय उत्पन्न करना तथा आम नागरिकों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना था।धमतरी पुलिस द्वारा त्योहार के दौरान लगातार पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई तथा फिक्स पिकेट में तैनात जवानों द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखी गई, जिसके परिणामस्वरूप जिले में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित नहीं हुई।

 

उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस द्वारा त्योहारों के मद्देनजर पूर्व से ही प्रभावी सुरक्षा रणनीति बनाकर कार्य किया जा रहा है। इसी के परिणामस्वरूप जिले में पिछले एक वर्ष में मनाए गए सभी प्रमुख त्योहार पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए हैं। धमतरी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैl

You may have missed