March 14, 2026

गौ-धाम योजना’ श्वेत क्रांति और गौ-सेवा के नए युग का सूत्रपात : भाजपा

IMG-20260314-WA0024
  • प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा ने प्रदेश सरकार का आभार माना, कहा :छत्तीसगढ़ की संस्कृति और अर्थव्यवस्था का आधार बनेगी ‘गौ-धाम योजना’*

रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा राज्य में ‘गौ-धाम योजना’ के शुभारंभ और इस अवसर पर की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने सनातन संस्कृति के मूल आधार ‘गौ-माता’ की सेवा और संरक्षण को प्राथमिकता देकर राज्य में एक नई चेतना जागृत की है।

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा बिलासपुर में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में की गई घोषणाएं केवल योजना मात्र नहीं हैं, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और लावारिस गौ-वंश को सम्मानजनक आश्रय दिलाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। ‘गौ-धाम योजना’ के माध्यम से बेसहारा और सड़कों पर घूम रहे गौ-वंश को उचित आश्रय, आहार और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। श्री शर्मा ने कहा कि ग्रामीण स्वावलंबन के दृष्टिगत यह योजना दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जैविक खेती और ग्रामीण रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। गौ-धामों को केवल गौशाला के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक केंद्रों के रूप में विकसित करने की मुख्यमंत्री श्री साय की दूरदर्शिता सराहनीय है। श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की ‘गौ-सेवा’ की गौरवशाली परंपरा को प्रदेश सरकार ने सरकारी नीतियों के केंद्र में लाकर प्रदेश के किसानों और पशुपालकों का मान बढ़ाया है।

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार के समय गौ-माता के नाम पर केवल भ्रष्टाचार हुआ था, लेकिन साय सरकार ने सत्ता संभालते ही वास्तविक धरातल पर गौ-सेवा का संकल्प पूरा किया है। गौ-धाम योजना से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि यह योजना छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर बनाने में ‘रीढ़ की हड्डी’ साबित होगी। श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इन घोषणाओं के क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ ‘गौ-सेवा’ के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा।

——————–