देवरी-तनौद-भुईगांव-ससहा मार्ग को मिली 31.45 करोड़ की मंजूरी…
- विधायक हरबंश के प्रयास रंग लाए, ग्रामीणों को बड़ी राहत
जांजगीर-चांपा, 30 मार्च। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत विकास को नई गति मिली है। विधायक शेषराज हरबंश के सतत प्रयासों से देवरी-तनौद-भुईगांव-ससहा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 31 करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा यह स्वीकृति जारी की गई।
17.40 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी इस सड़क के कारण खासकर बरसात के दिनों में आवागमन काफी कठिन हो जाता था। स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई थी।
विधायक हरबंश ने बताया कि इस महत्वपूर्ण मार्ग को वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल कराया गया था, लेकिन उस समय स्वीकृति नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने लगातार प्रयास जारी रखते हुए 2025-26 के बजट में पुनः प्रस्ताव शामिल कराया और विधानसभा के बजट सत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप अब इस परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी और टेंडर जारी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और सामाजिक व आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।