भाजपा स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने भिलाई भाजयुमो ने कसी कमर; जिला कार्यालय में हुई अहम बैठक…
भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के आगामी स्थापना दिवस (6 अप्रैल) को भव्यता के साथ मनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा देने हेतु आज भाजपा जिला कार्यालय में भाजयुमो भिलाई की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के मार्गदर्शन एवं भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्थापना दिवस को ‘युवा शक्ति’ के संकल्प के साथ मनाया जाएगा, जिसमें जिले भर के हजारों युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रमुख कार्यक्रम: बैठक में तय किया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर घर-घर भाजपा का झंडा लगाया जाएगा, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा और बूथ स्तर तक सांगठनिक बैठकें आयोजित की जाएंगी।
सेवा और स्वच्छता: उत्सव के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए सेवा कार्य एवं विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की रूपरेखा भी तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा, “6 अप्रैल 1980 को स्थापित भाजपा आज कार्यकर्ताओं के समर्पण से विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जनसंघ के विचारों और अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रवादी नेतृत्व की विरासत को हमें बूथ स्तर तक पहुँचाना है।”
भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, “स्थापना दिवस हमारे लिए गौरव का उत्सव है। भिलाई युवा मोर्चा इस बार न केवल शक्ति प्रदर्शन करेगा, बल्कि रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस दिन को यादगार बनाएगा।”
इस बैठक में भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल सहित जिला महामंत्री, सभी मंडल अध्यक्ष,जिला पदाधिकारी और भारी संख्या में युवा मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
