दिल्ली समेत इन राज्यों में भी तेज आंधी-बारिश का खतरा, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट…
- मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, यह बदलाव एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो रहा है, जो क्षेत्र में नमी और अस्थिरता बढ़ा रहा है। इसके चलते मैदानी इलाकों में भी मौसम असामान्य बना हुआ है.
नई दिल्ली,08 अप्रैल 2026: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश तक तेज़ हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी है. दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों आज भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने वाला है.
दिल्ली में रविवार की रात से तेज बारिश और गर्जन के साथ मौसम ने करवट ली. मौसमी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आज यानी 8 अप्रैल को भी शहर में बारिश और गर्जन के साथ तूफानी मौसम का अनुमान जताया है. सुबह से शाम तक हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) के साथ गरज-चमक का अलर्ट है. शाम के वक्त हवाओं की रफ्तार में और तेजी आ सकती है. हालांकि गुरुवार से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा.