निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन 2 मई को केशकाल में…
केशकाल। 8वें सालाना उर्स-ए-ताजुश्शरिया रहमतुल्लाह अलैह के अवसर पर मुस्लिम समाज जमात रज़ा-ए-मुस्तफा, केशकाल द्वारा 2 मई 2026 (शनिवार) को एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर (फ्री मेडिकल कैंप) का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर जनपद प्राथमिक शाला, केशकाल, जिला कोंडागांव (छत्तीसगढ़) में प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में रायपुर स्थित आईएलएस हॉस्पिटल के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम अपनी सेवाएं प्रदान करेगी।
शिविर में हृदय शल्य चिकित्सा, स्त्री रोग, अस्थि रोग, तंत्रिका विज्ञान, पल्मोनोलॉजी, जनरल मेडिसिन एवं जीआई सर्जरी से संबंधित जांच एवं परामर्श निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। विशेषज्ञ डॉक्टरों में डॉ. प्रतीक पाण्डे (कार्डियक सर्जरी), डॉ. मनीषा शर्मा (स्त्री रोग), डॉ. राहुल शाह (अस्थि रोग), डॉ. अमित जैन (न्यूरोलॉजी), डॉ. बालकृष्ण (पल्मोनोलॉजी), डॉ. प्रियंका खत्री (जनरल मेडिसिन) एवं डॉ. धीरज प्रेमचंदानी (जीआई सर्जरी) शामिल रहेंगे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं तथा जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी अवश्य पहुंचाएं।
मुस्लिम समाज जमात रज़ा-ए-मुस्तफा, केशकाल ने उम्मीद जताई है कि यह जनसेवा का प्रयास लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।