पीएमजीएसवाय फिर सुर्खियों में :सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप,रपटा टूटा और पुलिया बहा।।
बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनाई गई मिट्टी-मुरुम सड़क एक बार फिर विवादों में आ गई है।ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार पुतकेल से मैन रोड तक बनी पीएमजीएसवाय की सड़क पर बनाया गया रपटा पूरी तरह टूट गया है,वहीं उसी मार्ग पर निर्मित पाइप पुलिया भी बारिश और पानी के बहाव में बह गया। निर्माण कार्य के कुछ ही समय बाद संरचनाओं के क्षतिग्रस्त होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क और पुलिया टिक नहीं पाए। अब स्थिति यह है कि लोगों को गांव से बाहर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के दिनों में मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे मरीजों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना में भ्रष्टाचार के कारण सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है और ग्रामीणों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।