भिलाई महिला महाविद्यालय में “फ्रॉम सेविंग्स टू स्ट्रेंथ: वीमेन’स जर्नी थ्रू म्यूचुअल फंड्स” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित…
वाणिज्य विभाग एवं IQAC, भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई द्वारा आदित्य बिरला कैपिटल एवं Awoke India के सहयोग से 14 मई 2026 को ऑनलाइन Zoom प्लेटफॉर्म के माध्यम से “From Savings to Strength: Women’s Journey through Mutual Funds” विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस, संरक्षक एवं प्राचार्य, भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई के उद्घाटन उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अपने प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक शब्दों द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को वित्तीय जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. शिखा गुप्ता, स्मार्ट ट्रेनर, SEBI एवं वित्तीय विशेषज्ञ, CDSL का औपचारिक परिचय डॉ. भारती वर्मा, संयोजक एवं विभागाध्यक्ष, वाणिज्य विभाग द्वारा कराया गया।
डॉ. शिखा गुप्ता ने निवेश की आवश्यकता एवं विभिन्न निवेश विकल्पों जैसे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष निवेश के बारे में अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी प्रस्तुति दी। उन्होंने विशेष रूप से म्यूचुअल फंड्स, उनके महत्व, लाभ एवं विभिन्न प्रकारों पर प्रकाश डाला। साथ ही प्रतिभागियों को विभिन्न पेंशन फंड्स एवं वित्तीय क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी भी प्रदान की। अल्प समय में उन्होंने अत्यंत सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया, जो सभी प्रतिभागियों के लिए लाभकारी सिद्ध हुआ।
मुख्य वक्ता ने वर्तमान परिदृश्य में महिलाओं द्वारा म्यूचुअल फंड्स में निवेश की बढ़ती भागीदारी तथा आर्थिक विकास में उनके योगदान पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम हेतु कुल 82 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 60 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक वेबिनार में सहभागिता की। भिलाई महिला महाविद्यालय के साथ-साथ विभिन्न अन्य महाविद्यालयों के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. एम. माधुरी देवी, सह-संयोजक द्वारा किया गया तथा अंत में उन्होंने आभार प्रदर्शन भी किया।
वेबिनार की सफलता में डॉ. राजश्री शर्मा, डॉ. निधि मोनिका शर्मा, डॉ. अल्पना शर्मा एवं Dr. आशा रानी दास सहित समस्त प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम सकारात्मक प्रतिक्रिया एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

