West Bengal Cabinet: आज होगा शुभेंदु सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, 35 मंत्री लेंगे शपथ…
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में बड़े मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को घोषणा की कि राज्य सरकार में 35 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। सभी मंत्री सोमवार, 1 जून को शपथ लेंगे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि राजभवन की ओर से आयोजित शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे नबन्ना में होगा। राज्यपाल आर. एन. रवि नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बताया, ‘पश्चिम बंगाल की जनता के जनादेश से चुनी गई राष्ट्रवादी सरकार का पूर्ण मंत्रिपरिषद कल गठित किया जाएगा। मंत्रिपरिषद के विस्तार के तहत 35 मंत्री नबन्ना में सुबह 11 बजे शपथ लेंगे। राज्यपाल आर. एन. रवि उन्हें शपथ दिलाएंगे।’
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई वरिष्ठ नेताओं को सरकार में अहम जिम्मेदारियां और प्रमुख विभाग दिए जा सकते हैं।
इससे पहले 18 मई को पश्चिम बंगाल कैबिनेट ने संस्थागत भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामलों की जांच के लिए दो आयोगों के गठन को मंजूरी दी थी।
मुख्यमंत्री ने बताया था कि संस्थागत भ्रष्टाचार की जांच के लिए गठित आयोग की अध्यक्षता कलकत्ता हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस बिस्वजीत बसु करेंगे। वहीं महिलाओं के खिलाफ अत्याचार से जुड़े मामलों के लिए बनाए गए आयोग की अध्यक्षता रिटायर्ड जस्टिस समप्ति चटर्जी करेंगी।