June 9, 2026

कलेक्टर बीएस उइके ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं जनदर्षन में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए …

IMG-20260609-WA0062
  • विभिन्न ग्रामों से पहुँचे आवेदकों ने आवास, पट्टा, एग्रीस्टेक और अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवेदन सौपा

गरियाबंद, :- 09 जून 2026/जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज जनदर्शन आयोजित की गई। जिसमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के नागरिकों ने अपनी-अपनी मांग, समस्याएं एवं शिकायतें लेकर आवेदन करने आये। इस दौरान जनदर्शन में आने वाले सभी लोगों की समस्या और उनके समाधान का निराकरण भी किया गया। आज जनदर्शन में कुल 47 ओवदन प्राप्त हुए। कलेक्टर बीएस उइके ने नागरिकों की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्राम कुटेना के हेमलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के द्वितीय किस्त की राशि दिलाने के लिए आवेदन सौपा। इस पर कलेक्टर श्री उइके ने संबंधित विभाग के अधिकाकरयों को अपने समक्ष बुलाकर उनकी द्वितीय किस्त की राशि दिलाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार गरियाबंद की रामकली साहू ने पीएम आवास दिलाने के लिए, ग्राम पीपरछेड़ी की चम्पी बाई भुंजिया ने एग्रीस्टेक में नाम जोड़ाने, ग्राम कुरूद के चेतन राम साहू ने मनरेगा में उनके द्वारा किए गए मजदूरी राशि दिलाने के लिए आवेदन सौपा। इसके अलावा ग्राम देवरी के मदनराम साहू ने पशु शेड निर्माण की राशि दिलाने, ग्राम बम्हनदेवी के शत्रुघन लाल ने पट्टा प्रदान करने, ग्राम खुटगॉव के परमेश्वर ने रोजगार गारंटी सूची में नाम जुड़वाने के लिए, ग्राम बम्हनदेवी की लक्ष्मी बाई धु्रव ने राजस्व पट्टा प्रदान कराने के लिए, ग्राम कुटेना के इंदल राम साहू ने श्रवण यंत्र प्रदान कराने, ग्राम खम्हारगुड़ा की कुर्ती बिहारी ने भूमि की मुआवजा राशि दिलाने, ग्राम परतेवा के फकीर राम साहू ने केसीसी सब्सिडी की राशि दिलाने के लिए आवेदन सौंपा। इस पर कलेक्टर श्री उइके ने अधिकारियों को सभी आवेदनों का गंभीरता पूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श

 

पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर बीएस उइके ने विभागीय अधिकारियों की ली समय-सीमा बैठक

स्कूलों, छात्रावासों, खाद वितरण, राजस्व प्रकरणों और जनशिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देष

सुषासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों को 10 जून तक करें निराकृत

गरियाबंद, 09 जून 2026/ कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के सभी विभागीय अधिकारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में कलेक्टर ने खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराएं जाएं। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि जिले में लगभग 20 हजार टन उर्वरक प्राप्त हो चुका है, जिसका वितरण किसानों को नियमित रूप से किया जा रहा है। कलेक्टर ने प्रतिदिन खाद और बीज के उठाव एवं उपलब्ध स्टॉक की जानकारी जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से संबंधित बारदानों के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि खाली बारदानों की एंट्री करें। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों को 10 जून तक गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नए शिक्षा सत्र के प्रारंभ होने के पूर्व जिले के सभी स्कूल, छात्रावासों एवं आश्रमों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पंखे, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की तत्काल जांच कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से किसी प्रकार की लापरववाही नहीं होना चाहिए तथा परिसर में ऐसी कोई स्थिति न बने जिससे बीमारियां फैलने की आशंका हो। उन्होंने विद्यार्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा अपार आईडी निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने राजस्व विभाग को विशेष शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित सीमांकन प्रकरणों का निराकरण बारिश के पूर्व 15 जून तक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने तथा अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायत, सीपीग्राम तथा समय-सीमा से संबंधित लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करें।

श्री उइके ने बैठक में अवैध रेत भंडारण एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें एवं नियमित निगरानी रखें। उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय परिसर में सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर उनकी जियो-टैगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के समय बनाएं गए सोख्ता गड्ढा वाटर रिचार्ज करने का काम आएगा। कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

अवैध उत्खनन के 06 प्रकरण एवं अवैध परिवहन के 45 प्रकरणों में 18 लाख 56 हजार रूपये का अर्थदण्ड

पीएम आवास के हितग्राहियों के लिए रेत परिवहन करने की होगी छूट

गरियाबंद, 09 जून 2026/ वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत अब तक अवैध उत्खनन के 6 प्रकरण दर्ज कर 5 लाख 83 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया है। इसी प्रकार अवैध परिवहन के 45 प्रकरणों में 12 लाख 73 हजार 790 रुपये की अर्थदंड राशि वसूली की गई है। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति द्वारा नियमित रूप से निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले वाहन मालिकों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिले में कहीं भी खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण की जाती है तो संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म, नया रायपुर द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-2140 पर शिकायत दर्ज करा सकते है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए रेत उपलब्ध कराने के संबंध में प्रदत्त छूट के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के स्वीकृत हितग्राहियों को स्वयं के उपयोग के लिए छोटे वाहनों, जैसे ट्रैक्टर आदि के माध्यम से रेत परिवहन एवं उपयोग के लिए रॉयल्टी तथा अन्य करों से छूट प्रदान की गई है। यह सुविधा केवल उन ग्राम पंचायतों एवं आश्रित ग्रामों में लागू होगी, जहां विधिवत रेत खदान स्वीकृत है। संबंधित ग्राम पंचायत के लिखित अनुमति से हितग्राही रेत प्राप्त कर सकता है।

 

यात्री सुरक्षा को लेकर परिवहन एवं पुलिस विभाग ने की कार्रवाई

जांच के दौरान 10 बसों में मिली कई खामियां

बसों के आकस्मिक निरीक्षण में मिली अनियमितताएं

गरियाबंद, 09 जून 2026/ सड़क सुरक्षा एवं यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जिले में बसों का आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 10 यात्री बसों की जांच की गई। जिसमें कई वाहनों में सुरक्षा संबंधी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान 6 बसों में इमरजेंसी एग्जिट के सामने अतिरिक्त सीटें लगी हुई पाई गईं। जिससे आपातकालीन स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित निकासी प्रभावित हो सकती थी। वहीं कुछ बसों में इमरजेंसी एग्जिट खोलने पर वह जाम पाया गया। जिसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान एक बस बिना वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र एवं बीमा के संचालित होती मिली। इस पर नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए उक्त बस को जब्त कर गरियाबंद थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। संबंधित वाहन संचालक को प्रकरण के निराकरण एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 7 दिवस का समय दिया गया है।

जिला परिवहन अधिकारी सुश्री युगेश्वरी वर्मा ने कहा कि यात्री सुरक्षा से जुड़े मानकों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा वाहनों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों को सुचारु स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

फोटो – परिवहन

–00–

 

इजराइल में केयर गिवर के 3 हजार 500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित

दो लाख रुपये प्रतिमाह तक मिलेगा वेतन, 10 वीं पास न्यूतम अर्हता

 

गरियाबंद, 09 जून 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के माध्यम से युवाओं के लिए इजराइल में रोजगार उपलब्ध किया गया है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अंतर्गत भारत-इजराइल समझौते के तहत होम-बेस्ड केयर गिवर के 3 हजार 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। प्रारंभिक अनुबंध अवधि दो वर्ष की होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा। इसके लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। आवेदक न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण हो तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया हो। इसके अलावा कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना, 1.5 मीटर से अधिक लंबाई तथा 45 किलोग्राम से अधिक वजन अनिवार्य है। अभ्यर्थी पूर्व में इजराइल में कार्य न किया हो।

वांछनीय शैक्षणिक योग्यता भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र अनिवार्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, ऑक्जिलरी नर्स मिडवाइफ, जनरल नर्स मिडवाइफ, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट, मिडवाइफ में से किसी एक क्षेत्र का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। चयनित अभ्यर्थियों को नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही चिकित्सा बीमा, 09 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों का वार्षिक अवकाश भी प्रदान किया जाएगा। सप्ताह में 06 दिन कार्य करना होगा। वेतन से चिकित्सा बीमा, आवास, भोजन एवं अन्य निर्धारित मदों की कटौती के बाद लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा।

अभ्यर्थी को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद दस्तावेजों एवं पात्रता की जांच, अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लीयरेंस तथा इजराइली नियोजक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार लिया जाएगा। अंतिम चयन इजराइल के नियोजक द्वारा किया जाएगा। रोजगार विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध विदेशों में रोजगार होम-बेस्ड केयर गिवर लिंक के माध्यम से शीघ्र पंजीयन कराएं। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शंका के समाधान के लिए रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

–00–

 

11 जून को होगी बीएड एवं बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा

जिले में 2 हजार 160 परीक्षार्थी होंगे शामिल

 

गरियाबंद, 09 जून 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा गुरुवार, 11 जून 2026 को बी.एड. एवं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 2 हजार 160 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिनके लिए 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर श्री बीएस उइके ने डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा भेड़िया को नोडल अधिकारी तथा भू-अभिलेख के सहायक अधीक्षक चैतराम कोडप्पा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है तथा जिला स्तरीय तीन सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन भी किया गया है। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र इंटरनेट से डाउनलोड कर प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस की मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने को कहा गया है। मूल पहचान पत्र के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 1ः15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9ः30 बजे बंद कर दिया जाएगा। जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र का एक दिन पूर्व अवलोकन करने, हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनने तथा फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून एवं चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा।

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, डिजिटल घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, पाउच एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थियों को केवल काले अथवा नीले रंग के बॉल प्वाइंट पेन के साथ परीक्षा केंद्र में आने की अनुमति होगी।

–00–

सफलता की कहानी

श्रमिक परिवारों के सपनों को मिली नई उड़ान

नोनी-बाबू योजना से गरियाबंद के तीन मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

6 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

 

गरियाबंद, 09 जून 2026/ प्रतिभा जब मेहनत से मिलती है तो सफलता नई मिसाल गढ़ती है। श्रमिक परिवारों से आने वाले गरियाबंद जिले के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता को सम्मानित करते हुए श्रम विभाग द्वारा संचालित नोनी-बाबू मेधावी प्रोत्साहन सहायता योजना के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के माध्यम से डमी चेक प्रदान किए गए थे। कुल 6 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित इन विद्यार्थियों की उपलब्धि ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। प्रत्येक विद्यार्थी को 1 लाख रुपये मेधावी प्रोत्साहन राशि तथा 1 लाख रुपये स्कूटी क्रय करने के लिए प्रदान किए गए। कलेक्टर श्री बी.एस. उइके एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्री उइके ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती बल्कि दृढ़ इच्छा संकल्प, निरंतर परिश्रम और शिक्षा के प्रति समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। श्रम अधिकारी सुश्री जयंती बंसल ने बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित नोनी-बाबू मेधावी प्रोत्साहन सहायता योजना से श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान कर रही है।

सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि यह सम्मान और प्रोत्साहन राशि उन्हें आगे की पढ़ाई में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। श्रमिक परिवारों के इन होनहार बच्चों की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती।

 

You may have missed