June 27, 2026

उपनेता प्रतिपक्ष दया सिंह ने मंत्री अरूण साव से की जांच की मांग, मंत्री ने तत्काल जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश …

IMG-20260627-WA0040
  • भिलाई निगम में करोड़ों के निर्माण कार्यों में गड़बड़ी का आरोप, EOW जांच की मांग

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई में पिछले कुछ वर्षों के निर्माण कार्यों और भुगतान में गंभीर वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। भाजपा के उपनेता प्रतिपक्ष दया सिंह ने नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर पूरे मामले की आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) से जांच कराने की मांग की है। मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री जी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। पत्र में तत्कालीन आयुक्त समेत संबंधित अधिकारियों पर नियमों की अनदेखी कर ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

दया सिंह ने कहा कि निगम में कई विकास कार्यों में वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

पत्र में लगाए गए प्रमुख आरोप

1. अवैध प्लॉटिंग को फायदा पहुंचाने का आरोप पत्र के अनुसार वार्ड-22 शीतला तालाब के दक्षिण मार्ग पर 15वें वित्त आयोग से करीब 72.30 लाख रुपए की लागत से कराए गए डामरीकरण कार्य को बिना आवश्यक वैधानिक स्वीकृति कराया गया। आरोप है कि यह सड़क अवैध प्लॉटिंग वाले क्षेत्र को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई। साथ ही गुणवत्ता जांच किए बिना करीब 52 लाख रुपए का भुगतान भी कर दिया गया।

2. PF और ESI जमा नहीं, फिर भी भुगतान दावा किया गया है कि सफाई ठेकेदार ने कर्मचारियों का PF और ESI जमा नहीं किया, इसके बावजूद निगम ने भुगतान कर दिया। जबकि पूर्व आयुक्तों ने भुगतान रोकने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

3. चार पानी टंकियों के निर्माण में पेनल्टी नहीं लगाई पत्र में कहा गया है कि निगम की चार ओवरहेड पानी टंकियों के निर्माण कार्य समय पर पूरे नहीं हुए। फाइल में समय सीमा नहीं बढ़ाने की टिप्पणी होने के बावजूद देरी पर ठेकेदार पर पेनल्टी नहीं लगाई गई और करोड़ों रुपए का भुगतान कर दिया गया। इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला बताया गया है।

4. छोटे निर्माण कार्यों को टुकड़ों में बांटने का आरोप दया सिंह ने आरोप लगाया कि 50 हजार से 70 हजार रुपए तक के कई छोटे-छोटे निर्माण कार्य नियमों की अनदेखी कर टुकड़ों में कराए गए, जिससे निविदा प्रक्रिया से बचकर पसंदीदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया जा सके।

EOW जांच की मांग

दया सिंह ने मंत्री से अनुरोध किया है कि निर्माण कार्यों, भुगतान प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की EOW से उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि सरकारी धन के दुरुपयोग की सच्चाई सामने आ सके। ज्ञापन सौंपने वालों में भिलाई भाजपा जिला प्रभारी रामजी भारती प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा, भिलाई जिला अध्यक्ष पुरूषोत्म देवांगन, नेता प्रतिपक्ष भोजराज भोजू, पार्षद पीयूष मिश्रा, भाजपा महामंत्री मनीष अग्रवाल, शैलेंद्र सिंह जिला कोषाअध्यक्ष, पूर्व सभापति श्याम सुंदर राव भाजपा संगठन एवं अन्य पार्षद शामिल रहे।

—————