गरियाबंद पुलिस द्वारा गाँव गाँव जाकर सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ग्रामीणों को किया जागरूक।
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद-: गरियाबंद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा सामाजिक सुरक्षा और जन चेतना को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज थाना पाण्डुका ग्राम तर्रा और थाना मैनपुर के धवलपुर, कुल्हाडीघाट क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भारत रत्न लोह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गांव-गांव जाकर चौपाल लगाई। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को सरदार वल्लभ भाई पटेल के देश की एकता और अखंडता में योगदान के बारे में बताया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण और समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस बल द्वारा ग्रामीणों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई साइबर अपराध से बचाव ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, लॉटरी और बैंक संबंधी फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए।
यातायात नियम सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा महिलाओं और बच्चों के कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों (जैसे डायल 112) के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।
नशामुक्ति अभियान ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि,महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और युवाओं ने हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने पुलिस के इस कदम की सराहना किए ।


