‘जंग में दिखा भारतीय डिप्लोमेसी का जलवा, 40 मुल्कों से आया तेल’, PM मोदी ने बताया कैसे संभले हालात…
नई दिल्ली,04 जुलाई 2026: प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को राजस्थान में कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के दौरान होर्मुज बंद होने से हम बड़े संकट की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन हमारे प्रयासों ने हमें संकट से उबरने में मदद की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान पहुंचे. PM मोदी ने राजस्थान में कहा कि जंग के चलते पूरी दुनिया पर असर हुआ है. भारत ने सही फैसले लिए, सही रणनीति बनाई और अपनी कूटनीतिक ताकत का सकारात्मक इस्तेमाल किया, और इसी वजह से भारत इस संकट से उबरने में सफल रहा. भारत ने संकट का समय रहते आकलन किया है. पीएम मोदी ने बताया कि पश्चिम एशिया युद्ध के दौरान हमने 40 देशों से ईंधन प्राप्त किया.
प्रधानमंत्री ने कहा, जब कुछ ताकतें अफवाहें फैलाने की कोशिश कर रही थीं, तब संकट से निपटने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे थे.
PM मोदी ने कहा कि भारत ने संसाधनों का संतुलित इस्तेमाल किया है. उन्होंने बताया आज जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का भी उद्घाटन किया गया है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से संकट में थे- PM मोदी
PM मोदी ने कहा, भारत LPG आयात पर 60% तक निर्भर है. पश्चिम एशिया में युद्ध के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) बंद होने के बाद हम एक बड़े संकट की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन हमारे प्रयासों ने हमें इस संकट से उबरने में मदद की, राजस्थान की इस धरती ने हमें इससे उबरने में मदद की.
इसके अलावा PM मोदी ने कहा, राजस्थान में कांग्रेस सरकार के असहयोग के कारण रिफाइनरी का काम ठप पड़ा था, लेकिन राज्य में सत्ता में आने के बाद डबल इंजन वाली सरकार के कारण, हम आज रिफाइनरी का उद्घाटन करने में सफल रहे.
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले में देश के पहले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित किया. उन्होंने इसे भारत के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल सेक्टर के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया.
प्रधानमंत्री ने शहरी परिवहन, रेलवे, सड़कों, नवीकरणीय ऊर्जा और पॉवर ट्रांसमिशन से जुड़े कई विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.
—- समाप्त —-