September 6, 2026

रात के बचे चावल को सुबह दें नया ट्विस्ट, सूजी मिलाकर आसानी से तैयार करें हेल्दी और टेस्टी अप्पे…

images
  •  बचे हुए चावल से सुबह तैयार करें टेस्टी और हेल्दी अप्पे 

लाइफस्टाइल डेस्क। रोज-रोज वही पुराने फ्राइड राइस खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं, तो आज हम आपके लिए एक बहुत ही शानदार और क्रिस्पी रेसिपी लेकर आए हैं। अब आपको बचे हुए चावल फेंकने या बेमन से खाने की जरूरत नहीं है।

बचे हुए चावल और सूजी का यह नया कॉम्बिनेशन आपके सुबह के नाश्ते को एक मजेदार स्वाद देगा। अप्पे न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि इन्हें बनाने में तेल का इस्तेमाल भी बहुत कम होता है। यानी स्वाद के साथ-साथ यह सेहत के लिए भी एकदम परफेक्ट हैं। आइए, बिना किसी देरी के जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।

 

राइस अप्पे बनाने के लिए सामग्री

रात के बचे हुए चावल: 1 कप

सूजी: आधा कप

दही: आधा कप

बारीक कटी सब्जियां: आधा कप (प्याज, गाजर, शिमला मिर्च या अपनी पसंद की कोई भी सब्जी)

हरी मिर्च: 1-2

हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच

अदरक का पेस्ट: आधा चम्मच

बेकिंग सोडा: आधा चम्मच

नमक: स्वादानुसार

राई और जीरा: तड़के के लिए (आधा-आधा चम्मच)

तेल: अप्पे मेकर को चिकना करने के लिए

राइस अप्पे बनाने की आसान विधि

सबसे पहले एक मिक्सी के जार में रात के बचे हुए चावल, सूजी, दही और थोड़ा-सा पानी डालकर अच्छी तरह पीस लें। ध्यान रहे कि पेस्ट बहुत ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए, इसकी थिकनेस इडली के बैटर जैसी होनी चाहिए।

अब इस तैयार बैटर को एक बड़े बाउल में निकाल लें। इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, गाजर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक का पेस्ट डाल दें। साथ ही स्वादानुसार नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए।

एक छोटे पैन में थोड़ा-सा तेल गरम करें। इसमें राई और जीरा चटकाएं और चाहें तो कुछ करी पत्ते भी डाल दें। इस तड़के को बैटर में डालकर मिला लें। इससे अप्पे का स्वाद दोगुना हो जाएगा।

जब आपको अप्पे बनाने हों, ठीक उसी समय बैटर में एक चुटकी बेकिंग सोडा डालें। इसके ऊपर हल्का सा पानी डालकर इसे एक ही दिशा में हल्के हाथों से मिला लें। बैटर एकदम फूल जाएगा।

अब गैस पर अप्पे मेकर रखें और उसके हर सांचे में एक-एक बूंद तेल डालकर उसे चिकना कर लें। अब हर सांचे में एक-एक चम्मच तैयार बैटर डालें। गैस की आंच धीमी से मध्यम रखें और इसे ढककर 3-4 मिनट तक पकने दें।

जब अप्पे नीचे से गोल्डन ब्राउन हो जाएं, तो उन्हें चम्मच की मदद से सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी बिना ढके 2-3 मिनट तक क्रिस्पी होने तक सेंक लें।

बस तैयार हैं आपके गरमागरम, बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट अप्पे। इन्हें अपनी पसंदीदा नारियल की चटनी, तीखी हरी चटनी या फिर टोमेटो केचप के साथ सर्व करें। यकीन मानिए, अगली बार जब भी चावल बचेंगे, तो आप जानबूझ कर यह रेसिपी बनाने के लिए उन्हें बचाकर रखेंगे।

 

You may have missed