कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गरियाबंद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत…
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, गरियाबंद में नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत हेतु शाला प्रवेशोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, पार्षद श्रीमती बिंदु सिन्हा, श्रीमती रेणुका साहू, श्रीमती पुष्पा साहू, सूरज सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक शिवेश शुक्ला, संकुल समन्वयक नरेंद्र सोनवानी, शाला प्रबंधन समिति की शिक्षाविद् श्रीमती नम्रता यादव, पालकगण, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने छात्राओं को पुस्तक एवं कॉपियाँ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं तथा शिक्षा के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज और शासन की प्राथमिकता है। कस्तूरबा विद्यालय बेटियों को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।”
नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन ने कहा कि “बेटियों की शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। छात्राओं को पूरे आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार करना चाहिए।”
पार्षद श्रीमती बिंदु सिन्हा ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “विद्यालय में उपलब्ध सभी सुविधाओं का लाभ उठाकर छात्राएँ शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करें।”
विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।