औसत से 20 प्रतिशत अधिक बरसे मेघ, अकलतरा में सर्वाधिक 708.5 मिमी वर्षा…
- चांपा और सारागांव अब भी सामान्य से पीछे, जिले में खरीफ फसलों के लिए बने अनुकूल हालात
जांजगीर-चाम्पा। जिले में मानसून पूरे शबाब पर है। लगातार हो रही बारिश से खेत-खलिहान लबालब हैं और किसानों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दे रही है। भू-अभिलेख शाखा द्वारा मंगलवार को जारी दैनिक वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार 1 जून से 21 जुलाई तक जिले में औसतन 512 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले दस वर्षों की इसी अवधि की औसत 425.2 मिमी वर्षा की तुलना में 120.1 प्रतिशत है। यानी जिले में इस बार सामान्य से करीब 20 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।
प्रतिवेदन के अनुसार अकलतरा तहसील सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र रहा है, जहां अब तक 708.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य का 166.4 प्रतिशत है। इसके बाद नवागढ़ में 576.7 मिमी, पामगढ़ में 574.4 मिमी, शिवरीनारायण में 549.8 मिमी तथा जांजगीर में 506.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इन सभी तहसीलों में वर्षा सामान्य से अधिक रही है।
पिछले 24 घंटे में भी जिले में अच्छी बारिश हुई। अकलतरा में 67.8 मिमी, बम्हनीडीह में 66.5 मिमी, बलौदा में 65.2 मिमी, नवागढ़ में 58.7 मिमी, जांजगीर में 54.8 मिमी, शिवरीनारायण में 51.6 मिमी, पामगढ़ में 48.1 मिमी, सारागांव में 44.4 मिमी तथा चांपा में 26 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
हालांकि अधिकांश तहसीलों में वर्षा सामान्य से अधिक रही है, लेकिन चांपा और सारागांव अभी भी औसत से पीछे हैं। चांपा में अब तक 372.5 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य का 88.3 प्रतिशत है, जबकि सारागांव में 381.7 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य का 95.2 प्रतिशत है।
भू-अभिलेख शाखा के अनुसार जिले में 1 जून से 21 जुलाई तक कुल 4608.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी अच्छी वर्षा की संभावना जताई गई है। यदि यही स्थिति बनी रही तो खरीफ फसलों की बढ़वार और उत्पादन पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।