Face Pack For Pink Glow: त्वचा में गुलाबीपन सिर्फ ब्यूटी ही नहीं बल्कि हेल्दी स्किन का संकेत मानी जाती है. वैसे तो ज्यादातर लोग मेकअप से पिंक ग्लो अपने गालों पर ले आते हैं, लेकिन यदि आप असली और नेचुरल बेदाग और गुलाबी चमकती हुई स्किन चाहते हैं, तो यहां बताए गए फेस पैक को जरूर ट्राई करें.
बदलते मौसम का असर केवल सेहत पर ही नहीं, बल्कि त्वचा पर भी साफ दिखाई देता है. तेज धूप, बारिश, प्रदूषण और उमस की वजह से कई लोगों को पिंपल्स, टैनिंग, दाग-धब्बे और स्किन इरिटेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. इन्हें छिपाने या कम करने के लिए लोग अक्सर महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स और ट्रीटमेंट्स का सहारा लेते हैं. हालांकि, हर बार महंगे प्रोडक्ट ही समाधान नहीं होते.
चुकंदर से पाएं गुलाबी ग्लो, दाग-धब्बे जड़ से खत्म करने का आसान घरेलू तरीका
अगर आप प्राकृतिक तरीके से त्वचा की देखभाल करना चाहती हैं, तो चुकंदर से बना फेस पैक एक अच्छा विकल्प हो सकता है. चुकंदर में मौजूद पोषक तत्व त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं. इसके साथ कुछ अन्य प्राकृतिक सामग्री मिलाकर तैयार किया गया फेस पैक त्वचा को ताजगी देने और चेहरे की रंगत निखारने में सहायक माना जाता है. आइए जानते हैं इसे बनाने और इस्तेमाल करने का आसान तरीका.
चुकंदर फेस पैक के लिए जरूरी सामग्री
इस फेस पैक को बनाने के लिए आपको 1 चम्मच चुकंदर पाउडर, 1 चम्मच ऑरेंज पील पाउडर, 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी, 1 चम्मच रोज पेटल पाउडर और लगभग 3 चम्मच गुलाब जल की जरूरत होगी.
ऐसे तैयार करें फेस पैक
सबसे पहले एक साफ कटोरी लें. इसमें चुकंदर पाउडर और ऑरेंज पील पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद मुल्तानी मिट्टी और रोज पेटल पाउडर भी इसमें डालें. सभी सूखी सामग्रियों को अच्छे से मिलाने के बाद गुलाब जल डालें और एक चिकना पेस्ट तैयार कर लें.
जब पेस्ट तैयार हो जाए, तो इसे चेहरे और गर्दन पर समान रूप से लगाएं. कुछ देर सूखने के बाद चेहरे को सामान्य पानी से धो लें. नियमित रूप से इस्तेमाल करने पर यह फेस पैक त्वचा को ताजगी देने और चेहरे की चमक बढ़ाने में मदद कर सकता है.
क्या हैं इसके फायदे?
चुकंदर और ऑरेंज पील पाउडर में मौजूद तत्व त्वचा को फ्रेश लुक देने में सहायक होते हैं. वहीं मुल्तानी मिट्टी त्वचा से अतिरिक्त तेल और गंदगी हटाने में मदद करती है. गुलाब जल त्वचा को ठंडक और नमी प्रदान करता है. इन सभी सामग्रियों का मिश्रण चेहरे को साफ और तरोताजा महसूस करा सकता है.
इन बातों का रखें ध्यान
इस फेस पैक का उपयोग सप्ताह में एक या दो बार किया जा सकता है. हालांकि, किसी भी नए स्किनकेयर प्रोडक्ट की तरह इसे इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. इसके लिए थोड़ी मात्रा हाथ या गर्दन पर लगाकर जांच लें कि त्वचा पर कोई प्रतिक्रिया तो नहीं हो रही. साथ ही, फेस पैक बनाने के लिए हमेशा अच्छी गुणवत्ता और शुद्ध सामग्री का ही उपयोग करें.



