पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण, पानी के सैंपल परीक्षण हेतु लिए गए…
भिलाईनगर। आयुक्त सुरुचि सिंह से चर्चा पश्चात् नगर पालिक निगम भिलाई की टीम, पर्यावरण विभाग की टीम एवं केंद्रीय भूजल बोर्ड के वैज्ञानिक द्वारा खुर्सीपार क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 43, 44 एवं 46 में सप्लाई लाइन एवं बोरवेल से प्राप्त होने वाले पानी के नमूने परीक्षण हेतु लिए गए।
टीम द्वारा मोहल्लेवासियों से पेयजल आपूर्ति के संबंध में चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली गई। चर्चा के दौरान प्राप्त शिकायत के आधार पर स्टार एक्स तार प्राइवेट लिमिटेड का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में पर्यावरण विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता एवं आपूर्ति व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पानी के लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भूजल बोर्ड वैज्ञानिक बी अभिषेक, सहायक अभियंता अजय गौर, पर्यावरण अधिकारी संजय सिंह, उप अभियंता बसंत साहू, आशीष भारती, वेंकट सहित पर्यावरण विभाग की टीम उपस्थित रही।




