ट्रांसपोर्ट नगर में अतिक्रमण से जाम की समस्या, ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन ने IG से लगाई गुहार…
भिलाई। हथखोज स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क जाम और कथित अतिक्रमण की समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में आवागमन को सुचारू बनाने के लिए सड़क निर्माण के साथ बीच में डिवाइडर बनाया गया है। ट्रांसपोर्ट नगर फेस-2 में वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान भी बनाया गया है, ताकि ट्रक-ट्रेलर सड़क पर खड़े न हों।
एसोसिएशन का आरोप है कि डिवाइडर के दोनों ओर सड़क पर काम करने वाले मिस्त्रियों द्वारा कथित तौर पर अतिक्रमण कर वाहनों और अन्य सामान के कारण रास्ता बाधित किया जा रहा है। इससे ट्रांसपोर्ट नगर में आने-जाने वाले भारी वाहनों को परेशानी हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है। एसोसिएशन ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ज्ञापन में बताया गया कि इस समस्या की शिकायत यातायात पुलिस से पहले भी की गई थी। एक बार ट्रैफिक टीआई द्वारा मौके पर पहुंचकर सड़क पर कथित रूप से अतिक्रमण करने वाले वाहन मालिकों और चालकों को समझाइश दी गई थी। एसोसिएशन का कहना है कि इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि समझाइश के बाद भी कुछ लोगों द्वारा सड़क से अपने वाहन और निर्माण सामग्री नहीं हटाई गई तथा कार्रवाई की बात कहने पर विवाद की स्थिति भी बनती है।
एसोसिएशन ने दुर्ग रेंज आईजी से मांग की है कि ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से चालानी कार्रवाई करते हुए सड़क पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि ट्रांसपोर्ट नगर में वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से हो सके।