भिलाई महिला महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित…
भिलाई महिला महाविद्यालय में NEP सेल एवं IQAC के संयुक्त तत्वावधान में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) की मूल भावना, उद्देश्यों तथा उच्च शिक्षा में इसके महत्व से परिचित कराने के उद्देश्य से एक भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक नवप्रवेशित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवप्रवेशित छात्राओं के आत्मीय स्वागत के साथ किया गया। छात्राओं का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर एवं पुष्प प्रदान कर स्वागत किया गया। इस आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत से छात्राओं में महाविद्यालय के प्रति अपनत्व एवं उत्साह का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने की। उन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी नवप्रवेशित छात्राओं का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश उनके शैक्षणिक जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, नियमितता, सकारात्मक सोच एवं निरंतर सीखने की भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भिलाई महिला महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ छात्राओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक प्रतिभा के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. ए. के. श्रीवास्तव, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, वनस्पति विज्ञान एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग, शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उतई, दुर्ग थे। उन्होंने “Know NEP” विषय पर छात्राओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने NEP के अंतर्गत उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों, कौशल विकास, बहुविषयक शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान एवं रोजगारपरक शिक्षा के महत्व से छात्राओं को अवगत कराया तथा बदलते शैक्षणिक एवं व्यावसायिक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने नवप्रवेशित छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में NEP नोडल अधिकारी डॉ. रूपम अजीत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि, प्राचार्य, समस्त विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में NEP टीम की सदस्य डॉ. भारती वर्मा एवं डॉ. भावना पांडेय के सक्रिय सहयोग के लिए भी विशेष आभार व्यक्त किया।
भिलाई महिला महाविद्यालय में अकादमिक उत्कृष्टता के साथ कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक जागरूकता को विशेष महत्व दिया जाता है। NEP सेल एवं IQAC द्वारा आयोजित यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम इसी शैक्षणिक एवं विकासात्मक दृष्टिकोण की महत्वपूर्ण कड़ी रहा।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन श्रीमती भाविका मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। यह आयोजन नवप्रवेशित छात्राओं के लिए महाविद्यालयीन जीवन की एक प्रेरणादायक एवं यादगार शुरुआत के रूप में रहा।



