दुर्ग, 03 सितंबर 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड(सीएसपीडीसीएल), दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत बेमेतरा संभाग के ग्राम सहसपुर में नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण सांसद दुर्ग लोकसभा श्री विजय बघेल ने दिनांक 31 अगस्त 2026 को किया। लगभग 02 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से तैयार यह उपकेंद्र क्षेत्र के लगभग 09 गांवों सहसपुर, लुक, नवकेसा, लालपुर, बुंदेली, रुसे, पेंड्रावन, गाड़ाडीह एवं गोदमर्रा के हजारों उपभोक्ताओं और किसानों के लिए वरदान साबित होगा। इस उपकेंद्र के शुरू होने से अब इन क्षेत्रों में कम वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है, जिससे क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी।
लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि मात्र चार महीने के रिकॉर्ड समय में भूमिपूजन से लेकर लोकार्पण तक का सफर पूरा करना विभाग की तत्परता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में खेती और सब्जी-भाजी के कार्य के लिए बोरवेल की संख्या अधिक होने के कारण बिजली का लोड लगातार बढ़ रहा था। अब इस नए उपकेंद्र के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त और उच्च गुणवत्ता वाली निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी, जिससे फसलों की पैदावार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सांसद श्री बघेल ने क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साजा के विधायक श्री ईश्वर साहू ने कहा कि इस उपकेंद्र का निर्माण क्षेत्र की जनता की बड़ी मांग थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने बताया कि साजा विधानसभा क्षेत्र में बिजली की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आने वाले समय में और भी उपकेंद्र का निर्माण होना है। श्री साहू ने कम समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों की प्रशंसा की। इस अवसर पर आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह सप्रेम भेट किये गए।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में तेलघानी बोर्ड आयोग के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री ए डी टंडन एवं श्री एम के शुक्ला, सहायक अभियंता श्री जी पी बंजारे, श्री बी के कोशले और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





