Home दुर्ग स्टॉफ ऑफिसर श्री बी.एस.राजपूत एवं दफ्तरी श्री अश्विनी साहू 40 वर्षों की...

स्टॉफ ऑफिसर श्री बी.एस.राजपूत एवं दफ्तरी श्री अश्विनी साहू 40 वर्षों की निष्ठावान सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त…

3
0
  • सीएसपीडीसीएल दुर्ग कार्यालय ने दी आत्मीय विदाई

दुर्ग, 30 सितंबर 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग के क्षेत्रीय मुख्यालय में पदस्थ स्टॉफ ऑफिसर श्री बी.एस.राजपूत एवं दफ्तरी श्री अश्विनी साहू केे सेवानिवृत्त होने पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर भावपूर्ण विदाई दी गई। संस्थान के दो अत्यंत समर्पित और वरिष्ठ अधिकारी/कर्मचारी श्री बीएस राजपूत और श्री अश्विनी साहू अपने सेवाकाल के स्वर्णिम क्रमशः 40 एवं 39 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। चार दशकों तक कंपनी की सेवा करने वाले इन दोनों कर्मियों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में सहकर्मियों और अधिकारियों ने बड़ी संख्या में शिरकत की।

समारोह को संबोधित करते हुए सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने अपने उद्बोधन में श्री बीएस राजपूत और श्री अश्वनी साहू के पॉवर कंपनी में अमूल्य योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि 40 वर्षों की लंबी अवधि तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी सेवाएं देना एक मिसाल है। कार्यपालक निदेशक ने अपने संबोधन में आगे कहा कि इन दोनों ने कठिन परिस्थितियों में भी कंपनी के हितों को सर्वाेपरि रखा और अपनी कार्यकुशलता से विभाग के विकास में योगदान दिया है। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एस.मनोज, अधीक्षण अभियंता श्री आर.के.श्रीवास्तव, कार्यपालन अभियंता श्रीमती अनसुईया ठाकुर एवं श्री ए.के.बनर्जी और कार्यालय के सहयोगियों ने भी श्री राजपूत एवं श्री साहू को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। दोनों कर्मियों के मिलनसार स्वभाव और कार्य के प्रति अटूट लगन को याद करते हुए सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद भविष्य की कामना की। विदाई समारोह के दौरान श्री राजपूत एवं श्री साहू ने भी अपने कार्यकाल के खट्टे-मीठे संस्मरण साझा किए। इस अवसर पर कार्यालय परिवार की ओर से दोनों सेवानिवृत्तजनों को कार्यपालक निदेशक द्वारा शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ईसीजीआरएफ के अध्यक्ष श्री पी.वी.सजीव, विधि अधिकारी सुश्री रश्मि शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी श्री एल.पी.चौधरी, प्रोग्रामर सुश्री सफीना निगार, निज सचिव श्रीमती रमणी राजेन्द्रण एवं श्री राजपूत एवं श्री साहू के परिवारजन सहित सभी कार्यालीन स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रकाशन अधिकारी श्रीमती माया चन्द्राकर द्वारा किया गया।