- पिकअप के पीछे बने लोहे के टैंकर में छिपाकर ले जा रहे थे डीजल, आगे-आगे दौड़ रही थी आर्टिगा; 3 गिरफ्तार, 15 लाख की संपत्ति जब्त
जांजगीर-चांपा। कटरा जंगल के रास्ते पिकअप वाहन में बने गुप्त लोहे के टैंकर में छिपाकर करीब 1000 लीटर डीजल ले जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक डीजल के परिवहन के दौरान एक आर्टिगा कार आगे चलकर फॉलो कर रही थी। बलौदा और अकलतरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों वाहनों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक CG-15-DL-6268 के पीछे डाले में बने लोहे के टैंकर में अवैध रूप से डीजल भरकर हरदीबाजार रोड की ओर ले जाया जा रहा है। इसके साथ आर्टिगा कार क्रमांक CG-10-AD-8114 आगे चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कटरा जंगल पहुंची और घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान पिकअप के पीछे लगे हिस्से में लोहे का टैंकर मिला। पुलिस ने उसमें करीब 1000 लीटर डीजल बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। वाहन में मौजूद नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड़ और रामनरेश प्रजापति डीजल के संबंध में पुलिस को वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भीमसिंह गोंड़ के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए कीमत का पिकअप वाहन और 1 लाख रुपए का डीजल, जबकि नरेश कुमार भारती के कब्जे से करीब 9 लाख रुपए कीमत की आर्टिगा कार जब्त की। पुलिस के मुताबिक कुल 15 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। बरामद डीजल को वाहन के अंदर ही सीलबंद कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में नरेश भारती (34), निवासी सरईताल बुड़गहन, भीमसिंह गोंड़ (43), निवासी बुड़गहन और रामनरेश प्रजापति (31), निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा शामिल हैं।
यह कार्रवाई एसपी विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, एएसआई रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर, साइबर टीम सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।




