Home दुर्ग अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर इस्पात बिरादरी ने वरिष्ठजनों का किया सम्मान…

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर इस्पात बिरादरी ने वरिष्ठजनों का किया सम्मान…

6
0

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा संचालित भिलाई इस्पात सियान सदन में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 01 अक्टूबर 2026 को अन्तरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान, विशेष भजन कार्यक्रम तथा रहवासियों के मनोरंजन हेतु विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) श्री ए.बी. श्रीनिवास तथा महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री मनोज दुबे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ देवी सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। प्रातःकाल सियान सदन परिसर के वरिष्ठजनों का गुलाब भेंट कर स्वागत किया गया और उन्हें स्नेह भरे अभिवादन के साथ वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं।

मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने सियान सदन के सभी वरिष्ठजनों को स्वस्थ, सुखी एवं आनंदमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सियान सदन के रहवासियों के साथ व्यतीत किया समय उन्हें आत्मीयता और प्रसन्नता प्रदान करता है, जो उन्हें अपने परिवार के वरिष्ठजनों के सान्निध्य की अनुभूति कराता है। भिलाई इस्पात संयंत्र के विकास में वरिष्ठजनों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके समर्पण एवं परिश्रम ने संयंत्र को सुदृढ़ आधार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने वरिष्ठजनों के आशीर्वाद को वर्तमान पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के निरंतर प्रगति एवं उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स एवं कल्चरल ग्रुप से श्री प्रभंजय चतुर्वेदी एवं उनके दल द्वारा भजन कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। श्री प्रभंजय चतुर्वेदी के साथ श्री पी.टी. उल्लास कुमार एवं श्रीमती सुमिता सरकार ने भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी, जबकि तबले पर श्री भालचंद्र शेगेकर ने संगत की। वरिष्ठ नागरिकों को उपहार प्रदान किए गए तथा उन्हें अपने मनपसंद विषयों पर प्रस्तुतियाँ देने हेतु मंच उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर श्री बरोड़ी, श्री बांगा एवं श्रीमती कुसुम भट्ट सहित अन्य रहवासियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। सियान सदन में रहने वाले वरिष्ठजनों ने भी अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से सभी को भावविभोर किया। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए लंच की व्यवस्था की गई।

 

कार्यक्रम का समन्वय उप प्रबंधक (सीएसआर) श्री कमल वर्मा द्वारा किया गया। सीएसआर टीम से सुश्री के.वी. विजयालक्ष्मी, श्री छत्रपाल, श्री आशुतोष सोनी एवं श्री बुधेलाल साहू ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया गया।

———–