- गोदभराई और बच्चों का जन्मदिन मनाया गया, कार्यकर्ता-सहायिका एवं मितानिन दीदी का हुआ सम्मान
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गायत्री मंदिर के पीछे स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 108 में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों एवं हितग्राहियों की सहभागिता रही। इस दौरान गर्भवती माता की गोदभराई के साथ दो बच्चों का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन ने उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों को संबोधित करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। इस अवसर पर उनके द्वारा बच्चों एवं हितग्राहियों को मिठाई, चॉकलेट एवं बिस्किट का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रीखीराम यादव ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
वहीं कार्यक्रम के सह अतिथि मंडल अध्यक्ष सुमित पारख ने भी उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
*गोदभराई के साथ बच्चों का मनाया गया जन्मदिन*
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माता की गोदभराई की रस्म उत्साहपूर्वक संपन्न कराई गई। जनसहभागिता के अंतर्गत श्रीमती मंजरी गुप्ता द्वारा गर्भवती माता को गोदभराई की सामग्री भेंट की गई। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में दो बच्चों का जन्मदिन भी मनाया गया। बच्चों को जन्मदिन के अवसर पर उपहार भेंट किए गए, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
*कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन दीदी का सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन दीदी को उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा उन्हें शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा, पार्षद श्रीमती पुष्पा साहू, श्रीमती रेणुका साहू, श्रीमती मधु देवांगन, अतिथि श्रीमती रूबी देवदास, महिला मोर्चा गरियाबंद मंडल महामंत्री श्रीमती मंजरी गुप्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कचरा साहू, सहायिका सुरुचि पटेल, मितानिन पुष्पा तिवारी एवं ज्योति सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं हितग्राही उपस्थित रहे।




