दुर्ग। कैंसर पीड़ितों की सहायता के उद्देश्य से सामाजिक संस्था राग ऑन द बैंड द्वारा 5 अक्टूबर को सेक्टर-4 स्थित एसएनजी ऑडिटोरियम में संगीतमय कार्यक्रम ‘सुरों का सफरनामा’ का आयोजन किया गया है। संस्था द्वारा यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से गीत-संगीत के साथ कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए सामाजिक सरोकार का संदेश भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम में गायक कलाकार अमित शर्मा, चंद्रशेखर देशमुख, लोकेश तिवारी, सपना तिवारी, स्वामी रावत, जयश्री मुसले सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। गीत-संगीत से सजे इस कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा विभिन्न लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं संस्था के संरक्षक एवं समाजसेवी चतुर्भुज राठी तथा सुरेंद्र शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक अमित शर्मा एवं संयोजक संजय राय ने संयुक्त रूप से बताया कि ‘सुरों का सफरनामा’ में प्रवेश पूर्णतः नि:शुल्क रखा गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन का प्रमुख उद्देश्य कैंसर पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराना तथा समाज में जरूरतमंदों के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर गायक कलाकारों का उत्साहवर्धन करने तथा संस्था के सामाजिक कार्यों में सहभागी बनने की अपील की है।



