डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 के समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र एवं इतिहास विभाग में विभागीय परिषदों का उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, सामाजिक जागरूकता एवं रचनात्मक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर “मानसिक स्वास्थ्य” विषय पर विशेष व्याख्यान एवं स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन किया गया कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. पूजा सिन्हा, आयुर्वेदिक चिकित्सक, भिलाई-3 थीं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए तनाव, चिंता एवं मानसिक दबाव से बचने के उपाय बताए। उन्होंने सकारात्मक सोच, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ दिनचर्या को मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याओं को मन में दबाकर रखने के बजाय परिवार, शिक्षकों अथवा विशेषज्ञों से साझा करने का आह्वान किया महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. भारती सेठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विभागीय परिषदें विद्यार्थियों को नेतृत्व एवं जिम्मेदारी का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को परिषद की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में भी योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष श्रीमती मंजू दांडेकर ने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल पुस्तकीय ज्ञान से नहीं, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता से भी होता है। उन्होंने परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों में सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन एवं सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर दिया।अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश कुमार देवांगन ने अपने उद्बोधन में NSS एवं विभागीय परिषदों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सेवा एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इस कार्यक्रम में तीनों विभागों की नवगठित परिषदों के पदाधिकारियों को शपथ दिलाया गया। समाजशास्त्र विभाग परिषद में अध्यक्ष साक्षी ध्रुव, सह-अध्यक्ष श्रद्धा साहू, सचिव लक्ष्मी देवांगन एवं सह सचिव कमलेश साहू हैं अर्थशास्त्र विभाग परिषद में अध्यक्ष नेहा चौबे, उपाध्यक्ष माधवी मांडले, सचिव अदिति पवार एवं सह सचिव जोसेन सिंदूर हैं इतिहास विभाग परिषद में अध्यक्ष वेनिका साहू, उपाध्यक्ष फन्नु वैष्णव, सचिव उदय राजपूत, सह सचिव तेजस्वीकान्त सिंगरौल एवं कोषाध्यक्ष भूमिका पाटले हैं।कार्यक्रम में अतिथि व्याख्याता डॉ. पूजा यादव, डॉ. ताजबी कुरैशी एवं डॉ. वर्षा सूर्यवंशी सहित समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र एवं इतिहास विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे। तीनों विभागों के विद्यार्थियों सहित 80 से अधिक NSS स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की तथा मानसिक स्वास्थ्य विषयक व्याख्यान एवं स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया।
Home दुर्ग डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र एवं इतिहास विभाग...



