धनबाद। धनबाद समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्से में एक बार फिर मौसम का ट्रेंड बदल गया है। मानसून सीजन के बाद भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान धनबाद जिले के तोपचांची में 113.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड किया गया, जो पूरे राज्य में सर्वाधिक रहा। इस सप्ताह छिटपुट वर्षा की गतिविधि जारी रहने का अनुमान है।
कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। गर्जन और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। इस बीच मौसम विभाग के ताजा अपडेट ने एक बार फिर चक्रवात आने की संभावना जता दी है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 13 अक्टूबर तक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके 14 अक्टूबर तक अवदाब (डिप्रेशन) और 15 अक्टूबर तक गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) में बदलने का अनुमान है।
16 अक्टूबर के आसपास इसके आंध्र प्रदेश या ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है। यदि प्रणाली और मजबूत होती है तो चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है।
हालांकि, अभी इसे चक्रवात मानना जल्दबाजी होगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आठ से 10 अक्टूबर के बीच इसकी दिशा और तीव्रता को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकती है।
दिन में धूप छांव, शाम होते ही झमाझम
दिन में धूप छांव और शाम होते ही मौसम रंग बदल रहा है। मंगलवार को पूरे दिन धूप छांव की आंख मिचौनी जारी रहने के बाद शाम में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश हुई थी।
बुधवार को भी मौसम का पैटर्न वही रहा। सुबह से धूप छांव की आवाजाही होती रही। शाम में तेज हवा के साथ फुहारें पड़ीं। कहीं-कहीं तेज बारिश भी हुई।
बारिश शुरू होते ही गिरने लगा पारा, इस हफ्ते और गिरावट
बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट आने लगी है। 32-33 डिग्री से गिर कर अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री के बीच पहुंच गया है। इस सप्ताह तापमान में और गिरावट की संभावना है अधिकतम तापमान 28- 29 डिग्री तक पहुंच सकता है।



