- नवरात्रि में सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और पेयजल संबंधी शिकायतों के तत्काल निराकरण पर जोर
- वार्ड विकास प्लान तैयार कर विकास कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार धनराशि उपलब्ध कराने की बात
*रायपुर।* रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों को लेकर विधायक श्री राजेश मूणत ने आज नगर निगम के जोन क्रमांक 8 एवं 7 का दौरा कर पार्षदों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं जोन अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, आगामी त्योहारी व्यवस्था तथा वार्डवार विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान विधायक श्री राजेश मूणत ने निर्देश दिए कि दीपावली से पूर्व रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर लिया जाए। वहीं नवरात्रि को देखते हुए सभी वार्डों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि पार्षदगण अपने-अपने वार्ड की जनता के प्रतिनिधि हैं। पार्षदों द्वारा बताई गई जनसमस्याओं एवं आवश्यकताओं को निगम अधिकारी गंभीरता से लें। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
*पेयजल समस्या का तत्काल निराकरण*
मूणत ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होना चाहिए। कुछ वार्डों में पानी नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनका तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था की जमीनी स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
*वार्ड विकास प्लान बने, आवश्यकता के अनुसार आएगी धनराशि*
विधायक ने सभी वार्डों का वार्ड विकास प्लान तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्डवार आवश्यकताओं की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धनराशि लाने में कोई कमी नहीं होगी, लेकिन निगम अधिकारियों को भी लगन, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
*जनसुविधा के साथ राजस्व वृद्धि और व्यवस्थित विकास पर जोर*
मूणत ने राजस्व आय बढ़ाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व वृद्धि के प्रयासों से आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। नगर तथा ग्राम निवेश के निर्धारित नियमों के अनुसार ही भवन निर्माण संबंधी अनुमतियां प्रदान की जाएं।
जिन चौक-चौराहों पर यातायात जाम की समस्या रहती है, वहां यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जोन अधिकारी एवं मुख्यालय के अधिकारी पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करें।
*धरातल पर सर्वे के बिना सिटी डेवलपमेंट प्लान अधूरा*
विधायक श्री मूणत ने सिटी डेवलपमेंट प्लान को लेकर कहा कि केवल कार्यालय स्तर पर योजना बनाने के बजाय अधिकारियों को धरातल पर जाकर वास्तविक स्थिति का अवलोकन करना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक स्थल का सर्वे नहीं होगा, जनप्रतिनिधियों से चर्चा नहीं होगी और उनके सुझाव नहीं लिए जाएंगे, तब तक क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार नहीं हो सकती।
नगर निगम महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में विकास एवं मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। त्योहारों के मद्देनजर स्वच्छता, प्रकाश एवं पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में संबंधित पार्षदगण, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं जोन क्रमांक 7 एवं 8 के अधिकारी उपस्थित रहे।






