भिलाई। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भिलाई चेम्बर द्वारा स्थानीय बाजारों को बढ़ावा देने और आम जनता को स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से “आया त्योहार, चलो बाजार” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पोस्टर का विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने से व्यापारियों और छोटे व्यवसायियों को प्रोत्साहन मिलता है तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। त्योहारों की खुशियां स्थानीय बाजारों के साथ साझा करना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भिलाई चेम्बर द्वारा आयोजित अभियान के बारे में प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने माननीय मंत्री जी को अवगत कराया कि हम इस अभियान के माध्यम से आम जनता से अपील की जा रही है कि इस त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय बाजारों में जाकर खरीदारी करें और “लोकल” व्यापार को मजबूत बनाएं।
अभियान के अंतर्गत शहर के स्कूलों, कॉलेजों, सोसायटियों, कोचिंग संस्थानों एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने का आह्वान किया जाएगा तथा ब्रोशर का वितरण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर भिलाई चेम्बर के पदाधिकारी सुनील मिश्रा, विकास पांचाल,मनोहर कृष्णानी, विनय सिंह एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।



