Home दुर्ग नैला में भव्य दुर्गा दर्शन के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था: भारी वाहन प्रतिबंधित,...

नैला में भव्य दुर्गा दर्शन के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था: भारी वाहन प्रतिबंधित, चारपहिया के लिए रूट डायवर्ट; पुलिस ने जारी किया प्लान…

8
0

जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर नैला रेलवे स्टेशन के पास अग्रसेन भवन के सामने विराजने वाली मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। दर्शनार्थियों की सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षा के मद्देनजर जांजगीर-चांपा पुलिस ने विस्तृत यातायात रूट चार्ट और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।

पर्व के दौरान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, वहीं मुख्य पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

प्रमुख मार्गों पर रहेगा चारपहिया वाहनों का प्रतिबंध

पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नेताजी चौक से नैला की ओर अग्रवाल प्रिंटर्स तक चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः बंद रहेगा। इसी प्रकार बीटीआई चौक से नेताजी चौक की ओर जाने वाले लिंक रोड पर भी चारपहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। हालांकि, नेताजी चौक से बीटीआई चौक की दिशा में वाहनों की एकतरफा (वन-वे) निकासी की व्यवस्था दी गई है।

रेलवे स्टेशन जाने और लौटने के लिए वन-वे व्यवस्था

रेलवे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए स्टेशन मार्ग पर विशेष वन-वे प्लान तैयार किया गया है। शारदा चौक से नेभनदास गली होते हुए नैला स्टेशन जाने का मार्ग वन-वे रहेगा। वहीं स्टेशन से जांजगीर की ओर वापस आने वाले वाहन अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने से नहरिया बाबा रोड होकर गुजरेंगे।

दिशावार पार्किंग स्थलों का निर्धारण

श्रद्धालु जिस दिशा से शहर में प्रवेश करेंगे, उसी मार्ग पर उनके वाहनों के लिए पार्किंग स्थल तय किए गए हैं:

बलौदा, सरखो एवं नैला फाटक मार्ग: इस ओर से आने वाले वाहनों को नैला दशहरा मैदान, बस स्टैंड, पीएनबी बैंक के पास, गोशाला स्कूल तथा नहरिया बाबा रोड पर पार्क कराया जाएगा।

अकलतरा व बनारी मार्ग: इस दिशा के दर्शनार्थियों के लिए शारदा चौक स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, जय भारत स्कूल, हॉलैंड ट्रैक्टर के पीछे, बजरंगी पारा गली एवं एचपी गैस एजेंसी के पास पार्किंग रहेगी।

केरा रोड व खोखरा-सुकली मार्ग: इन मार्गों से आने वाले श्रद्धालु तहसील चौक स्थित सी-मार्ट परिसर, गणेश समिति ग्राउंड तथा तहसील कार्यालय परिसर में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।

चांपा मार्ग: चांपा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए हाई स्कूल मैदान, डाइट स्कूल, हैंडबॉल ग्राउंड, पुराना अस्पताल परिसर, डीईओ कार्यालय, कृष्णा प्लाजा (तुलसी भवन के सामने) तथा नहरिया बाबा रोड के निचले हिस्से में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात नियमों के पालन की अपील

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। सभी दर्शनार्थी अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन प्लान का पालन कर दर्शन लाभ लें।