Tiger Shroff Firing: मुख्यमंत्री फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को दिए निर्देश, 15 टीमें मामले की जांच में जुटीं
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना सामने आने के बाद खलबली मच गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी लेने के लिए मुंबई पुलिस कमिश्नर को फोन किया। मुंबई पुलिस की करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए मुंबई पुलिस कमिश्नर को फोन किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया कि वे इस मामले की जल्द जांच करें और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ मामले में दिए जांच के निर्देश
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात लोगों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाई, हालांकि वे सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
पुष्पा पार्क में टाइगर श्रॉफ पर चली गोली
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना वेस्ट मुंबई में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ‘पुष्पा पार्क’ के पास हुई। पुलिस अब इस घटना से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने और पूरी घटनाक्रम का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
एकनाथ शिंदे बोले- बर्दाश्त नहीं करेंगे
मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बाद, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार धमकियों या दहशत फैलाने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी मामले में पुलिस
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना जुहू में शाम करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात हमलावर बाइक पर आए और उन्होंने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने बताया कि सफेद शर्ट पहने तीन हमलावर SV रोड और विले पार्ले रेलवे स्टेशन की तरफ भाग गए। एक्टर की कार पर सात राउंड फायरिंग की गई, जो जुहू पुलिस स्टेशन और जुहू के पुष्पा पार्क से 350 मीटर दूर थी। एक संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी और वे सुरक्षित हैं। घटना कैसे हुई और इसके पीछे क्या मकसद था, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस की 15 टीमें जांच में जुटीं
खबरों के मुताबिक, मुंबई पुलिस की करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं, और क्राइम ब्रांच भी इस घटना की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच चल रही है, इसलिए वे इस बारे में और कोई जानकारी नहीं दे सकते। बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा की समीक्षा भी की जा सकती है, और जहां भी जरूरी समझा जाएगा, वहां उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
अनिल पंडित कौन है?
पानीपत जिला निवासी अनिल पंडित के अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के लिए काम करने के इनपुट हैं। इसी ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित गुरु रंधावा के जिम के बाहर जून में हुई फायरिंग समेत राजधानी की कई वारदात में इसका नाम आया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अनिल पंडित और हैरी बॉक्सर समेत अन्य पर मकोका लगाया। इस पर हरियाणा में भी मर्डर, एक्सटॉर्शन, हत्या, एक्सटॉर्शन और हत्या का प्रयास समेत दस केस दर्ज हैं। हरियाणा पुलिस ने पिछले महीने इस पर दस लाख रुपये का इनाम रखा है।
लॉरेंस सिंडिकेट से कब जुड़ा अनिल?
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अनिल पंडित 2022 में नौकरी के लिए दुबई गया था, जो वहां से डंकी रूट के जरिए अमेरिका चला गया। वहां इसकी मुलाकात लॉरेंस सिंडिकेट से जुड़े गैंगस्टर रणदीप मलिक से हुई। इसके बाद यह भी सिंडिकेट के लिए काम करने लगा।



