Home छत्तीसगढ़ नगर पंचायत केशकाल के वार्ड क्रमांक 13 एवं 15 में पेयजल समस्या...

नगर पंचायत केशकाल के वार्ड क्रमांक 13 एवं 15 में पेयजल समस्या के निराकरण हेतु की जा रही कार्यवाही के संबंध में।

5
0

कोंडागांव: नगर पंचायत केशकाल क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 13 एवं 15 में पेयजल समस्या के संबंध में प्रकाशित समाचार के संदर्भ में वस्तुस्थिति स्पष्ट की जाती है कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा प्रभावित वार्डों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

 

वार्ड क्रमांक 13 एवं 15 में पेयजल की समस्या को ध्यान में रखते हुए नवीन बोर खनन एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 28.09.2026 को निविदा जारी की जा चुकी है। वर्तमान में निविदा संबंधी कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही नियमानुसार संबंधित वार्डों में बोर खनन का कार्य प्रारंभ कर पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।

 

इसके अतिरिक्त, प्रभावित वार्डों के नागरिकों को पेयजल की असुविधा न हो, इस उद्देश्य से वर्तमान में नगर पंचायत द्वारा टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार टैंकर से जलापूर्ति की व्यवस्था जारी रखी जाएगी।

 

नगर पंचायत प्रशासन नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं के प्रति गंभीर एवं संवेदनशील है। पेयजल समस्या के स्थायी निराकरण हेतु प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।

 

अतः प्रकाशित समाचार के संबंध में यह स्पष्ट किया जाता है कि पेयजल समस्या के निराकरण हेतु नगर पंचायत प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा चुके हैं तथा निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात बोर खनन कर स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।