दुर्ग पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान “Say No to Drugs, Say Yes to Life” एवं साइबर जागृति अभियान के तहत ग्राम कातरो, चौकी मचांदुर(थाना उतई) स्थित SAGES स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी एवं पासवर्ड साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
दुर्ग पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने तथा समय रहते पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना, साइबर सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना तथा अपराधों की रोकथाम में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
सराहनीय कार्य:- चौकी प्रभारी मचांदूर परि. उप निरीक्षक अभिषेक चंद्रा द्वारा जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया।
दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों एवं युवाओं से अपील
🔹 नशे से दूर रहें, जीवन से जुड़ें। स्वयं नशे से बचें और अपने मित्रों एवं परिवारजनों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
🔹 साइबर सुरक्षा अपनाएं। अपना OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
🔹 ऑनलाइन ठगी से सावधान रहें। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश प्रस्ताव एवं लालच देने वाले संदेशों पर भरोसा न करें।
🔹 साइबर अपराध होने पर तुरंत शिकायत करें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
🔹 जागरूक बनें, सुरक्षित रहें। बच्चों एवं युवाओं को नशे और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने में पुलिस का सहयोग करें तथा सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
दुर्ग पुलिस — नशा मुक्त समाज, साइबर सुरक्षित समाज।





