- शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से दुर्ग में मुलाकात कर रखी मांग, मौखिक रूप से मिली सहमति
भिलाई नगर, 28 अक्टूबर। दुर्ग जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने स्कूलों में दो दिन और अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में विधायक सेन ने 28 अक्टूबर को दुर्ग में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात कर विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपनी मांग रखी।
गौरतलब है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने 28 अक्टूबर को दुर्ग जिले के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की थी। हालांकि, तूफान और मौसम में बदलाव की स्थिति को देखते हुए विधायक रिकेश सेन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर आगामी दो दिनों तक स्कूलों में अवकाश बढ़ाने का आग्रह किया।
विधायक सेन ने शिक्षा मंत्री के समक्ष कहा कि खराब मौसम और तूफान की आशंका के बीच स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे में मौसम की स्थिति सामान्य होने तक स्कूलों में छुट्टी बढ़ाना विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के हित में होगा।
विधायक रिकेश सेन की इस मांग पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मौखिक रूप से सहमति प्रदान की है। हालांकि, अतिरिक्त दो दिनों के अवकाश को लेकर औपचारिक आदेश जारी होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए अब स्कूलों में अतिरिक्त अवकाश के संबंध में आधिकारिक निर्णय और आदेश का इंतजार है।



