- रक्तदान शिविर में 23 यूनिट रक्तदान, तीन महिलाओं ने भी किया स्वैच्छिक रक्तदान; छह वरिष्ठ सदस्यों का हुआ सम्मान।
भिलाई, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस, आंध्र प्रदेश राज्य स्थापना दिवस एवं श्री गंगाधर सेवा संघम (डोकुलपाडु), भिलाई के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 1 नवंबर को केम्प-1 स्थित संघ भवन में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास, सेवा भावना एवं सामाजिक दायित्वों के साथ मनाया गया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ हमारी कर्मभूमि एवं आंध्र प्रदेश हमारी जन्मभूमि है। इन दोनों राज्यों के स्थापना दिवस के साथ संघम का स्थापना दिवस भी 1 नवंबर को होने के कारण प्रतिवर्ष इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 23 यूनिट रक्तदान किया गया। इस अवसर पर महिला शक्ति की विशेष सहभागिता देखने को मिली। समाज की ओर से श्रीमती एम. भाग्यवती (पति श्री एम. पापाराव), श्रीमती जी. सुधा लक्ष्मी (पति श्री जी. माधव राव) एवं कुमारी के. सौम्या (पिता श्री के. मोहन राव) ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों का अनुकरणीय संदेश दिया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में संघम के दिवंगत संस्थापक, पूर्व पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सेवा, समर्पण एवं योगदान का स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संघम के अध्यक्ष श्री एम. पापाराव जी द्वारा ग्राम देवता एवं तेलुगु तल्ली के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात महासचिव श्री व्ही. अप्पाराव जी ने संघम के संस्थापक स्वर्गीय श्री एम. जी. नायडू जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया। सहसचिव श्री व्ही. कामेश्वर राव जी ने संघम के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय श्री वड्डी जोगुलु जी के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात सहकोषाध्यक्ष श्री ए. कृष्णा जी, कार्यकारिणी सदस्यों एवं पूर्व पदाधिकारियों ने अन्य दिवंगत पदाधिकारियों एवं सदस्यों के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी क्रम में संघम द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के सेवानिवृत्त एवं 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ सम्मानित सदस्यों श्री जी. गुरुमूर्ति, श्री वी. अपन्ना, श्री के. कृष्णा मूर्ति, श्री एस. पुरुषोत्तम, श्री एस. उमापति एवं श्री के. कोदंडा जी को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
समारोह में संघम के पदाधिकारीगण, कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व पदाधिकारी एवं समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संघम की सामाजिक एकजुटता, सेवा गतिविधियों एवं समाज के प्रति दायित्वों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
अंत में श्री गंगाधर सेवा संघम (डोकुलपाडु), भिलाई की ओर से समस्त समाजजनों एवं प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस, आंध्र प्रदेश राज्य स्थापना दिवस एवं संघम स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
धन्यवाद।



