रायपुर – छोटा अशोक नगर एवं प्रीतम नगर वार्ड क्रमांक 19- उक्त क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में टेल एंड (पाइप लाइन के अंतिम छोर) की समस्या के कारण पर्याप्त प्रेशर से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। चूंकि उक्त क्षेत्र गोगांव उच्च स्तरीय जलागार के कमांड एरिया के अंतर्गत आता है। अतः प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार हेतु सर्वेक्षण, पाइपलाइन के संधारण एवं आवश्यकता के अनुसार नए इंटर कनेक्शन का कार्य किया जा रहा है।
गोगांव उच्च स्तरीय जलागार कभी- कभी फिल्टरप्लांट में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की ओर से विद्युत आपूर्ति बाधित होने अथवा शटडाउन होने के कारण फिल्टरप्लांट से पर्याप्त मात्रा में जल प्राप्त नहीं हो पाता है। इसके परिणामस्वरूप गोगांव उच्च स्तरीय जलागार पूर्ण क्षमता से नहीं भर पाता, जिससे संबंधित कमांड एरिया में जलापूर्ति एवं प्रेशर प्रभावित होता है।
उक्त क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार हेतु जोन क्रमांक 8 द्वारा लगातार स्थल निरीक्षण कर समस्याओं का चिन्हांकन एवं आवश्यकतानुसार पाइपलाइन मरम्मत, अवरोध दूर करने तथा नए इंटर कनेक्शन संबंधी कार्यवाही की जा रही है। शेष प्रभावित स्थलों पर भी आवश्यक संधारण कार्य प्राथमिकता से कराया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को पर्याप्त प्रेशर के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।



