March 6, 2026

कौओं की मौत के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि, अधिकारी हाई अलर्ट पर

 

 

पटना: जहानाबाद में 18 फरवरी को कई कौओं की मौत का कारण बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा एच5एन1) पाया गया है। जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (एडीएम) बृजेश कुमार ने बताया कि कोलकाता स्थित आरडीडीएल संस्थान की जांच रिपोर्ट में मृत कौओं में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई है। कुमार ने न्यूज एजेंसी न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और बीमार या मृत पक्षियों से दूर रहने की सलाह दी है। पोल्ट्री फार्मों में सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। यदि और मामले सामने आते हैं, तो संक्रमण को रोकने के लिए पक्षियों को मारने का फैसला लिया जा सकता है।” पशुपालन विभाग ने तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले पोल्ट्री फार्मों से नमूने इकट्ठा करने शुरू कर दिए हैं। इन नमूनों को आगे की जांच के लिए पटना भेजा जाएगा, ताकि यह पता चल सके कि घरेलू मुर्गियों में भी संक्रमण फैला है या नहीं। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जहानाबाद जिला प्रशासन ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। प्रभावित इलाकों में सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव किया जा रहा है ताकि वायरस का फैलाव रोका जा सके।

You may have missed