कांग्रेस नेत्री पर भड़के हरभजन सिंह, रोहित शर्मा मामले में खूब सुनाया
कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद द्वारा भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर की गई टिप्पणी को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कड़ा विरोध जताया है। हरभजन ने कहा कि शमा मोहम्मद को रोहित शर्मा के बारे में इस तरह की नकारात्मक टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। हरभजन सिंह ने सोमवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि रोहित शर्मा वह खिलाड़ी हैं, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए कई सालों तक अपनी सेवाएं दी हैं और अभी भी वह टीम का नेतृत्व बखूबी कर रहे हैं। रोहित शर्मा एक महान खिलाड़ी हैं, जिन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है। वह अभी भी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान हैं और अपनी फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर टीम में बने हुए हैं। अगर उनकी फिटनेस ठीक नहीं होती, तो वह टीम का हिस्सा नहीं होते।