दुनिया में लहराया अपना परचम – इक्विटी मार्केट में टॉप 5 में शामिल हुआ भारत…
नई दिल्ली: शेयर मार्केट की दुनिया में भारत ने तहलका मचा दिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार भारत के मार्केट कैपिटलाइजेशन में 21 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई, जो दुनिया के शीर्ष 10 इक्विटी बाजारों में सबसे अधिक वृद्धि है। भारत अब ग्लोबल स्तर पर पांचवां सबसे बड़ा इक्विटी बाजार हो गया है। भारत से आगे अब सिर्फ अमेरिका, चीन, जापान और हांगकांग ही हैं। इस अवधि के दौरान भारत के बेंचमार्क इंडेक्स, सेंसेक्स और निफ्टी में क्रमशः 12.5 प्रतिशत और 13.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
शेयर बाजार में अक्टूबर 2024 और फरवरी 2025 के बीच पांच महीने के सुधार के बाद आई मजबूत रैली के चलते मार्च से भारत का मार्केट कैप 1 ट्रिलियन डॉलर बढ़ा। यह दुनिया के टॉप 10 इक्विटी बाजारों में सबसे अधिक वृद्धि है। भारत की लिस्टेड कंपनियों ने मार्च 2025 की शुरुआत से मार्केट कैपिटलाइजेशन में 1 ट्रिलियन डॉलर जोड़े हैं, जिससे कुल कैपिटलाइजेशन 5.33 ट्रिलियन डॉलर हो गया है।
कैसी रही मार्केट की स्थिति?
अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वार्ता को लेकर उम्मीद और FPI के फंड फ्लो से ग्लोबल बाजारों में बढ़त के बीच घरेलू बाजार में मजबूती रही। स्थानीय शेयर बाजार बुधवार को 123 अंक चढ़ गया। सेंसेक्स 123.42 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,515.14 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में छठे दिन भी तेजी रही और यह 37.15 अंक की बढ़त के साथ 25,141.40 अंक पर बंद हुआ।
घरेलू निवेशकों ने की खरीदारी
मार्केट में तेजी का कारण घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) भी हैं। जून में हर दिन उन्होंने शेयर खरीदे हैं। उन्होंने कुल मिलाकर 25,510 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। इससे विदेशी निवेशकों (FII) के बेचने के दबाव को कम करने में मदद मिली है। घरेलू निवेशकों के मजबूत समर्थन के कारण बाजार स्थिर बना हुआ है, भले ही दुनिया में कुछ परेशानियां चल रही हैं।