भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘सुरक्षा 2025’ सेफ्टी सर्कल प्रतियोगिता का दूसरा दिन सम्पन्न…
- 46 टीमों ने दी सेफ्टी सर्कल प्रस्तुति, सुरक्षा संस्कृति को सशक्त करने का संकल्प
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के एचआर-लर्निंग एंड डेवलपमेंट केन्द्र के सभागार में आयोजित तीन दिवसीय अंतर-विभागीय ‘सुरक्षा 2025’ सेफ्टी सर्कल प्रतियोगिता के दूसरे दिन 18 जून 2025 को संयंत्र के विभिन्न विभागों से आई 46 टीमों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने कार्यस्थलों पर असुरक्षित स्थितियों की पहचान, संभावित जोखिमों का विश्लेषण एवं उनके समाधान हेतु किए गए नवाचारों को साझा किया।

उल्लखनीय है कि 17 जून 2025 को संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार द्वारा प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (आयरन) श्री तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सथपति, महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री एस. के. अग्रवाल, संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, निर्णायक मंडल सदस्य, सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि, तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी टीमों के सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहे।

कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने अपने उद्घाटन भाषण में ‘360 डिग्री सुरक्षा’ की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षा न तो किसी एक विभाग की जिम्मेदारी है और न ही किसी एक व्यक्ति की। यह प्रत्येक कर्मचारी की साझा जवाबदेही है। उन्होंने प्रतिभागियों की ऊर्जा, प्रस्तुति की गुणवत्ता और आयोजन की व्यापकता की सराहना की तथा इस तरह की गतिविधियों को वर्ष भर सतत रूप से आयोजित करने पर बल दिया।

महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा) श्री एस. के. अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में संयंत्र के विभिन्न विभागों की कुल 83 टीमों ने पंजीकरण कराया है, जिनकी प्रस्तुतियाँ संयंत्र के मानव संसाधन सभागार के चार अलग-अलग कक्षों में आयोजित की जा रही हैं।

उद्घाटन समारोह कार्यक्रम का संचालन सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के श्री सूरज वर्मा द्वारा किया गया, व महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री एस. के. महतो ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागी टीमों की सराहना की और संयंत्र में सुरक्षा को एक सशक्त सांस्कृतिक आधार बनाने की दिशा में सभी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में संयंत्र के हर विभाग से सेफ्टी सर्कल टीमों का गठन किया जाएगा ताकि सुरक्षा को व्यवहार और सोच का अभिन्न हिस्सा बनाया जा सके।
प्रत्येक टीम को 15 मिनट में अपनी केस स्टडी प्रस्तुत करनी होती है, जिसमें उन्हें निर्णायकों के प्रश्नों का उत्तर भी देना होता है। चयनित टीमों को आगे चलकर सेल सेफ्टी चैप्टर तथा राष्ट्रीय स्तर की सेफ्टी सर्कल प्रतियोगिताओं में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 19 जून 2025 को सफल रही शीर्ष 20 टीमों को दोबारा प्रस्तुति का अवसर मिलेगा, जिसके आधार पर सर्वश्रेष्ठ तीन टीमों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
———————–