PM मोदी को त्रिनिदाद एंड टोबैगो का सर्वोच्च सम्मान:यह अवॉर्ड पाने वाले पहले विदेशी, 25 देश दे चुके हैं अपना सबसे बड़ा सम्मान…
त्रिनिदाद और टोबैगो के दौरे पर पहुंचे PM मोदी को राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू ने देश के सर्वोच्च पुरस्कार, ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद और टोबैगो’ से नवाजा है। PM मोदी ने राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू और पीएम कमला परसाद बिसेसर को इसके लिए शुक्रिया कहा।
PM मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो के ‘ऑर्डर ऑफ द ऑर्डर’ से सम्मानित होने वाले पहले विदेशी नेता बन गए हैं। यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया जाने वाला 25वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
इससे पहले मोदी को घाना ने भी सर्वोच्च अवार्ड से सम्मानित किया था।
मोदी बोले- हमारे रिश्तों में क्रिकेट का रोमांच और मसालों की खुशबू
अवार्ड पाने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हमारे रिश्तों में क्रिकेट का रोमांच और मसाले की तीखी खुशबू है। दोनों देशों की संस्कृतियों में गहरी समानता हमारी ताकत है। हम त्रिनिदाद और टोबैगो के लोगों के स्किल डेवलपमेंट पर जोर दे रहे हैं।
हमारा सहयोग पूरे ग्लोबल साउथ के लिए महत्वपूर्ण है। दो मजबूत लोकतंत्र के रूप में, हम अपने लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
उन्होंने त्रिनिदाद की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू के तमिलनाडु से जुड़ी पहचान का जिक्र करते हुए कहा- “हजारों साल पहले संत तिरुवल्लुवर ने कहा था कि एक मजबूत राष्ट्र में छह गुण होने चाहिए- मजबूत सेना, देशभक्त लोग, जरूरी संसाधन, मजबूत लीडरशिप, मजबूत रक्षा, और हमेशा साथ खड़े मित्र देश। त्रिनिदाद और टोबैगो भारत के लिए ऐसा ही मित्र देश है।
त्रिनिदाद की राष्ट्रपति-PM को भारतीय विरासत पर गर्व
पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच गहरे रिश्तों की सराहना की। उन्होंने कहा- 180 साल पहले, भारतीय लोग लंबी और मुश्किल यात्रा के बाद इस धरती पर आए। भारतीय संस्कृति का रंग कैरेबियाई लय के साथ खूबसूरती से मिला।
पीएम मोदी ने कहा- भारत के लिए लोकतंत्र सिर्फ एक राजनीतिक व्यवस्था नहीं, बल्कि जीवन का तरीका है। हमारी हजारों साल पुरानी विरासत है। यहां कई सांसदों के पूर्वज बिहार से हैं, जहां प्राचीन महाजनपद थे।
त्रिनिदाद की महिला लीडरशिप की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा- इस देश ने दो शानदार महिला नेताओं को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री चुना है। वे गर्व से खुद को भारतीय डायस्पोरा की बेटियां कहती हैं और अपनी भारतीय विरासत पर गर्व करती हैं।
मोदी बोले- हम महिलाओं को मजबूत कर रहे हैं
त्रिनिदाद की संसद में महिला सांसदों की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा- मुझे इस सदन में इतनी सारी महिला सांसदों को देखकर खुशी हो रही है। भारतीय संस्कृति में महिलाओं का सम्मान गहरे तक समाया है।
हमारे पवित्र ग्रंथ स्कंद पुराण में कहा गया है कि एक बेटी दस बेटों के बराबर सुख देती है। हम आधुनिक भारत के निर्माण में महिलाओं को मजबूत कर रहे हैं। अंतरिक्ष से लेकर खेल, स्टार्टअप से लेकर विज्ञान, शिक्षा से लेकर बिजनेस और आर्मी तक, भारतीय महिलाएं हर क्षेत्र में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं।
मोदी ने PM कमला को बिहार की बेटी कहा
इससे पहले मोदी ने शुक्रवार तड़के त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने पीएम कमला प्रसाद बिसेसर को ‘बिहार की बेटी’ कहा और उन्हें राम मंदिर का मॉडल और सरयू नदी के जल के साथ-साथ प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ का जल भी भेंट किया।
PM मोदी ने भारतीय समुदाय की यात्रा को साहस की मिसाल बताया। PM ने कहा- वे (भारतीय प्रवासी) गंगा और यमुना को पीछे छोड़ आए, लेकिन अपने दिल में रामायण को साथ लाए।
उनके योगदान ने इस देश को सांस्कृतिक, आर्थिक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध किया है। वे अपनी मिट्टी छोड़ आए, लेकिन अपने संस्कार नहीं छोड़े। वे सिर्फ प्रवासी नहीं थे, बल्कि एक सभ्यता के दूत थे।
PM मोदी ने ऐलान किया कि भारतीय मूल के लोगों की छठी पीढ़ी को भी ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार तड़के त्रिनिदाद और टोबैगो की राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री कमला परसाद-बिसेसर और उनके 38 मंत्रियों और चार सांसदों ने एयरपोर्ट पर मोदी की अगवानी की।