पेंसिल्वेनिया में ट्रंप की हत्या की कोशिश मामले में सीक्रेट सर्विस के 6 एजेंट निलंबित…
- अमेरिका: पेंसिल्वेनिया में ट्रंप की हत्या की कोशिश मामले में सीक्रेट सर्विस के 6 एजेंट निलंबित
यह घटना पिछले साल 13 जुलाई को पेंसिल्वेनिया के बटलर में हुई थी. ट्रंप की रैली के दौरान एक गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई थी. इस हादसे में उनकी जान बाल-बाल बची थी.
पिछले साल अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश के मामले में सीक्रेट सर्विस के छह एजेंट्स को सस्पेंड कर दिया गया है.
इस मामले पर डिप्टी डायरेक्टर मैट क्विन ने सीबीएस न्यूज को बताया कि सीक्रेट सर्विस के इन एजेंट्स पर पेनल्टी लगाई गई है. उन्हें 10 से 42 दिन की अनपेड लीव पर भेजा गया है. उनके लौटने पर उन्हें कमतर कामों में लगाया जाएगा. इन एजेंट्स को सस्पेंड करते वक्त बयान में कहा गया कि किसी भी मामले में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
यह घटना पिछले साल 13 जुलाई को पेंसिल्वेनिया के बटलर में हुई थी. ट्रंप की रैली के दौरान एक गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई थी. इस हादसे में उनकी जान बाल-बाल बची थी. इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि दो लोग घायल हो गए थे. हमलावर थॉमस क्रूक्स को सीक्रेट सर्विस स्नाइपर ने मार गिराया था.
इस घटना के समय ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे. इस घटना ने उनके कैंपेन को और मजबूती दी. उन्हें लोगों की सहानुभूति और समर्थन दोनों मिला.
इस घटना के बाद दिसंबर में 180 पेजों की एक रिपोर्ट भी जारी हुई थी, जिसमें बताया गया था कि 13 जुलाई की यह घटना त्रासद थी लेकिन इसे रोका जा सकता था. इस घटना को सीक्रेट सर्विस की नाकामी बताया गया था.