June 6, 2026

रूस में लगे भूकंप के जबर्दस्त झटके, रिक्टर स्केल पर 8 रही तीव्रता… दो देशों में सुनामी का अलर्ट जारी…

images (2)

रूस. सुदूर पूर्वी क्षेत्र कैमचटका में सुबह-सुबह भूकंप के जबर्दस्त झटके लगे. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 8.7 मापी गई है. यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार भूकंप समुद्र के नीचे आया, जिसके बाद जापान और अमेरिका की एजेंसियों ने सुनामी का अलर्ट (Tsunami Watch) जारी किया गया है.

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक भूकंप बहुत कम गहराई (करीब 19.3 किलोमीटर) पर आया, जिससे सतह पर तेज झटके और सुनामी की आशंका बढ़ गई है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि 1 मीटर (करीब 3.28 फीट) ऊंची लहरें जापान के तटीय इलाकों तक 0100 GMT (भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े 6 बजे)के बाद पहुंच सकती हैं. जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा को स्थिति की जानकारी दी गई है और सरकार ने एक आपात बैठक बुलाकर राहत और बचाव कार्यों की तैयारी शुरू कर दी है. इससे पहले जुलाई में भी कामचटका के पास समुद्र में कई भूकंप आ चुके हैं, जिनमें से एक की तीव्रता 7.4 थी.

वहीं, यूएस सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी कहा है कि अगले तीन घंटों में रूस और जापान के कुछ इलाकों में खतरनाक सुनामी लहरें पहुंच सकती हैं. इसके अलावा, फिलीपींस, मार्शल आइलैंड्स, पलाऊ और अन्य द्वीपों में भी हल्की लहरें पहुंचने की आशंका है.