March 6, 2026

पाकिस्तान में लाहौर के पास इस्लामाबाद एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, 30 यात्री घायल…

train-accident

पाकिस्तान के लाहौर के पास शुक्रवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें इस्लामाबाद एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतर गएॉ. यह ट्रेन लाहौर से रावलपिंडी जा रही थी और हादसा लाहौर से करीब 50 किलोमीटर दूर काला शाह काकू के पास शेखपुरा में हुआ. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस दुर्घटना में कम से कम 30 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

 

10 डिब्बे पटरी से उतरे

पाकिस्तान रेलवे ने शुक्रवार रात जारी बयान में बताया कि ट्रेन के करीब 10 डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया. वहीं, कुछ यात्री अभी भी डिब्बों में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं.

 

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है. बताया गया कि ट्रेन लाहौर रेलवे स्टेशन से रवाना होने के केवल आधे घंटे बाद यह दुर्घटना हुई.

रेल मंत्री मुहम्मद हनीफ अब्बासी ने लिया संज्ञान

रेल मंत्री मुहम्मद हनीफ अब्बासी ने हादसे का संज्ञान लेते हुए रेलवे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और मंडल अधीक्षक को तुरंत घटनास्थल पहुंचने और राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं. उन्होंने हादसे के कारणों की जांच के लिए समिति गठित करने और सात दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने को भी कहा है.