June 5, 2026

भागलपुर में तेज रफ्तार पिकअप वैन बरसाती नदी में गिरी, पांच युवकों की मौत…

r6-2_1754272713

भागलपुर में सुल्तानगंज के करीब रविवार देर रात हुए एक हादसे में 5 कांवड़ियों की मौत हो गई। 4 घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल कांवड़िए अभिषेक ने बताया, ‘9 लोग पिकअप से गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज जा रहे थे। वहां से जल भरकर जेठौर नाथ मंदिर में पूजा करने वाले थे।’

‘शाहकुंड-सुल्तानगंज सड़क पर बेलथू के महतो स्थान के पास ऑटो रिक्शा को ओवरटेक करते समय पिकअप में करंट फैल गया। बचने के लिए वे 30 फीट नीचे पानी में कूद गए। ऊपर से उनके ऊपर गाड़ी गिर गई।’

सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे। घटनास्थल पर मृतकों के चप्पल और कपड़े बिखरे पड़े हैं। जल भरने के लिए ले जा रहे 5 डब्बे भी घटनास्थल पर पड़े हुए हैं।

हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। शाहकुंड थाने के मेन गेट पर शवों को रखकर जाम कर दिया है। परिजन सीनियर ऑफिसर को बुलाने की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस कर्मी थाने से बाहर नहीं निकल रहे हैं।

मृतकों के परिजनों का आरोप है कि युवकों की मौत करंट लगने हुई है। बिजली का तार नीचे था, जो गाड़ी से लगा और हादसा हुआ। मुआवजे की मांग को लेकर मृतकों के परिजन ने शाहकुंड-असरगंज मुख्य रास्ते को जाम कर दिया है।

शाहकुंड थानेदार जगन्नाथ शरण ने बताया, ‘घटना लापरवाही की वजह से हुई है। विरोध में लोग सड़क पर जुट रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि और शांति समिति के लोगों के साथ परिजन को समझाने की कोशिश की जा रही है।’

देर रात तक चला रेस्क्यू

मरने वालों की‌ पहचान शाहकुंड के पुरानी खेरही बाजार निवासी संतोष कुमार (18), मनोज कुमार (24), विक्रम कुमार (23) और कसवा खेरही के अंकुश कुमार (18), रवीश कुमार उर्फ मुन्ना (18) के रूप में हुई हैं।

 

घटना की जानकारी मिलने पर शाहकुंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को एम्बुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। लेकिन, डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस ने जेसीबी से पिकअप वैन को बाहर निकाला। स्थानीय गोताखोर भी बुलाए गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। देर रात तक रेस्क्यू जारी रहा था।