सामरिक मुख्यालय, महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल (स्पेशल-ऑपरेशन), छत्तीसगढ़ द्वारा भिलाई में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ के अंतर्गत ‘तिरंगा साइकिल/मोटर साइकिल रैली’ का आयोजन…
भिलाई – सामरिक मुख्यालय, महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल (स्पेशल-ऑपरेशन), छत्तीसगढ़ द्वारा 12 अगस्त 2025 को भिलाई में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ के अंतर्गत ‘तिरंगा साइकिल/मोटर साइकिल रैली’ का भव्य आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों सहित स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ‘तिरंगा साइकिल/ मोटर साइकिल रैली’ सामरिक मुख्यालय से प्रारंभ होकर रिसाली चौक, डीपीएस चौक, पंथी चौक, रेल चौक, एसएसबी क्षेत्रीय मुख्यालय होते हुए पुनः सामरिक मुख्यालय परिसर में संपन्न हुई।
सीमा सुरक्षा बल ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात सभी वाहिनियों एवं नागरिकों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक के साथ मना रहा है। बल अपने अधिकार क्षेत्र के नागरिकों को तिरंगे (राष्ट्रीय ध्वज) का वितरण कर उन्हें घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित कर रहा है।
सीमा सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा के लिए भी संकल्पबद्ध है। इस अवसर पर भिलाई स्थित सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं स्थानीय नागरिकों ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने का संकल्प लिया।