शारदीय नवरात्र का पहला दिन, मंदिरों में सुबह-सुबह उमड़ी भक्तों की भीड़…
फिरोजाबाद में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। सुबह से ही शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया।
शहर के प्रसिद्ध राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर, वैष्णो माता मंदिर और अन्य देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्त माता रानी के मंगला दर्शन के लिए सुबह-सवेरे ही कतारों में लग गए। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर देवी मां के जयकारे लगाए। मंदिरों में मां के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर प्रबंधन और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल लगातार भीड़ पर नजर बनाए रहा। बैरिकेडिंग और मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे ताकि धक्का-मुक्की की स्थिति न बनने पाए। भीड़ के बीच श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री के दर्शन किए और नारियल, चुनरी, फूल-मालाओं का भेंट चढ़ाकर आशीर्वाद लिया।
नवरात्र का पहला दिन होने से मंदिरों में खास सजावट की गई। जगह-जगह झालर, फूल और रोशनी से मंदिर परिसर सजाया गया था। इस दौरान भक्तों ने मां की आरती और भजन-कीर्तन में भाग लेकर भक्ति भाव से नवरात्र की शुरुआत की।
नवरात्र के नौ दिनों में प्रत्येक दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। प्रथम दिन मां शैलपुत्री की आराधना से भक्त अपने जीवन में स्थिरता और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। श्रद्धालुओं का कहना था कि नवरात्र का पहला दिन पूरे परिवार के लिए बेहद शुभ और मंगलकारी होता है।