September 6, 2026

पीएम मोदी आज युवाओं पर केंद्रित ₹62,000 करोड़ की कई योजनाओं का करेंगे शुभारंभ…

175953886546

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के युवाओं और छात्रों के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत करेंगे, जिनका कुल बजट 62,000 करोड़ रुपये से अधिक है. इन योजनाओं का उद्देश्य न केवल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है, बल्कि स्किल ट्रेनिंग और रोज़गार के अवसरों को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना है.

प्रधानमंत्री ‘प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई (पीएम-सेतु)’ योजना का शुभारंभ करेंगे, जिसके तहत देशभर के 1,000 सरकारी आईटीआई संस्थानों को तकनीकी रूप से उन्नत और आधुनिक बनाया जाएगा. इस योजना में 200 आईटीआई को ‘हब’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिनसे अन्य 800 आईटीआई संस्थान जुड़े रहेंगे. इन हब्स में अत्याधुनिक डिजिटल लर्निंग इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन सेंटर्स, प्रशिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण और प्रभावी प्लेसमेंट सेवाएं भी होंगी. इस योजना को विश्व बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक से भी सहयोग मिलेगा. इसके पहले चरण में बिहार के पटना और दरभंगा को प्राथमिकता दी जा रही है.

 

स्कूल स्तर पर भी कौशल विकास की पहल

 

सरकार अब स्कूलों में भी व्यावसायिक प्रशिक्षण को मजबूत करने जा रही है. देश के 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 1,200 स्किल लैब्स की स्थापना की जाएगी जिनमें 400 नवोदय विद्यालय और 200 एकलव्य मॉडल स्कूल शामिल हैं.इन लैब्स के माध्यम से छात्रों को 12 प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें सूचना प्रौद्योगिकी, ऑटोमोबाइल, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन जैसे सेक्टर शामिल हैं. इन प्रयोगशालाओं में पढ़ाने के लिए 1,200 विशेष प्रशिक्षकों को भी तैयार किया जाएगा.

 

बिहार को मिलेगी विशेष प्राथमिकता

 

राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बिहार में युवाओं के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की जा रही है. इनमें मुख्य हैं:मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना: इस योजना के तहत हर साल पांच लाख स्नातक युवाओं को दो वर्षों तक ₹1000 प्रति माह का भत्ता और मुफ्त स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी. बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना (संशोधित रूप): इसके तहत छात्रों को चार लाख रुपये तक का बिना ब्याज शिक्षा ऋण मिलेगा. अब तक 3.92 लाख छात्रों ने इस योजना के अंतर्गत कुल ₹7880 करोड़ का लाभ लिया है.

 

बिहार युवा आयोग: 18 से 45 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए एक विशेष आयोग की स्थापना की जाएगी, जिसका उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देना है.जननायक कर्पूरी ठाकुर स्किल यूनिवर्सिटी: यह नई यूनिवर्सिटी उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों और व्यावसायिक शिक्षा के जरिए युवाओं को तैयार करेगी, जिससे उन्हें रोजगार की बेहतर संभावनाएं मिल सकें.

 

एनआईटी पटना का आधुनिक कैंपस भी राष्ट्र को समर्पित

 

प्रधानमंत्री मोदी आज एनआईटी पटना के नए बिहटा परिसर का भी उद्घाटन करेंगे, जिसकी क्षमता 6500 छात्रों की है. इस आधुनिक परिसर में 5G प्रयोगशाला, इसरो के सहयोग से स्थापित स्पेस रिसर्च सेंटर और एक इनोवेशन सेंटर शामिल हैं, जिसने पहले ही नौ स्टार्टअप्स को समर्थन प्रदान किया है.

You may have missed